Recent Posts

Breaking News

‘पिक्चर अभी बाकी है’, राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दों पर वीडियो जारी कर AAP नेताओं को दिया जवाब

राघव चड्ढा और उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आने लगे हैं। पार्टी के कुछ नेताओं ने उन पर आरोप लगाया है कि उन्होंने संसद में पंजाब के मुद्दों को प्रभावी ढंग से नहीं उठाया। इन आरोपों के बीच राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

वीडियो में उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के उनके उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहने के लिए वीडियो जारी करना पड़ा कि राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दों को उठाने में विफल रहे, यह एक छोटा सा ट्रेलर है और पिक्चर अभी बाकी है। उन्होंने आगे कहा कि पंजाब उनके लिए केवल चर्चा का विषय नहीं, बल्कि उनका घर, कर्तव्य, मिट्टी और आत्मा है।

राघव चड्ढा ने अपने वीडियो में उन सभी मुद्दों का जिक्र किया, जिन्हें उन्होंने संसद में उठाने का दावा किया है। इनमें करतार साहिब और ननकाना साहिब के लिए कॉरिडोर, पंजाब के किसानों के लिए एमएसपी की मांग, कैंसर ट्रेन और दिल्ली समेत उत्तर भारत में वायु प्रदूषण जैसे विषय शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने एमएसपी की कानूनी गारंटी, पंजाब में पानी की कमी, किसानों की विभिन्न मांगें, घटते भूजल स्तर, भगत सिंह को भारत रत्न देने की मांग, नदियों के पुनरुद्धार और जल संसाधनों तक पंजाब की पहुंच जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने पंजाब में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ाने, राज्य के लिए अधिक फंड जारी करने और आनंदपुर साहिब को हेरिटेज सिटी बनाने की मांग का भी जिक्र किया। साथ ही केंद्र सरकार से पंजाब के विकास के लिए सहयोग की अपील की।

वहीं आम आदमी पार्टी ने शनिवार को राघव चड्ढा की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने संसद में पंजाब से जुड़े अहम मुद्दों को उठाने में अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई, जो पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ है।

No comments