Recent Posts

Breaking News

शातिर बीवी का खेल खत्म: पति की गुमशुदगी की झूठी कहानी गढ़ी, पर कॉल डिटेल ने पहुंचा दिया जेल.

 

फतेहाबाद : जिला पुलिस ने एक मर्डर की गुत्थी को सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। करीब डेढ़ महीने पहले गांव साधनवास से लापता हुए नसीब कुमार के मामले में जाखल पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जिस व्यक्ति की तलाश पुलिस गुमशुदगी के तौर पर कर रही थी, उसकी हत्या स्वयं उसकी पत्नी ने अपने साथी के साथ मिलकर कर दी थी।

हत्या के बाद शव को नहर में फैंक दिया था। अभी तक शव बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मृतक नसीब कुमार की पत्नी पूजा निवासी साधनवास तथा श्रवण कुमार पुत्र भोला यादव निवासी व्यास कॉलोनी, जाखल के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक शराब के नशे में पत्नी से मारपीट करता था। 

वह मारपीट की वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी भी देता था। इसी कारण उसकी हत्या की गई। बुधवार को इस बारे पत्रकारों से बातचीत करते हुए टोहाना डीएसपी जयभगवान ने बताया कि गांव साधनवास निवासी रघुनाथ कुमार ने 5 मार्च को जाखल थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसका छोटा भाई नसीब कुमार दो मार्च की सुबह से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की। 

जांच के दौरान डीएसपी टोहाना जयभगवान के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को मृतक की पत्नी के बयानों में विरोधाभास मिला। पुलिस ने जब कॉल डिटेल्स खंगाली, तो शक की सुई मृतक की पत्नी पूजा और उसके परिचित श्रवण कुमार पर जाकर टिक गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराएं जोड़ दीं। 

डीएसपी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने सुनियोजित तरीके से नसीब कुमार की गला दबाकर हत्या की थी। हत्या के बाद कानून की नजरों से बचने के लिए उन्होंने एक खौफनाक साजिश रची। आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे भारी पत्थरों से बांधा। पत्थरों से बंधे शव को आरोपियों ने भाखड़ा नहर में फेंक दिया ताकि वह पानी के ऊपर न आ सके और किसी को कानो-कान खबर न हो। 

डीएसपी टोहाना ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए साधनों को बरामद करने और शव की तलाश के लिए भाखड़ा नहर में सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रही है। इस खुलासे के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।

No comments