दोस्त को किया लहूलुहान, फिर छात्रा की लूटी आबरू! महू में अज्ञात बदमाशों का ‘जंगल राज’, पुलिस ने संदिग्धों को दबोचा.

Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। बेरछा के जंगलों में दो अज्ञात बदमाशों ने कॉलेज छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घिनौनी घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने एक परिचित युवक के साथ लगनचा मंदिर दर्शन के लिए गई थी और लौटते समय जंगल के सुनसान रास्ते में यह हमला हुआ। इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपियों ने पहले युवक पर लाठी-डंडों से हमला किया और उसे गंभीर रूप से घायल कर वहां से भगा दिया। इसके बाद बदमाशों ने अकेली पड़ी छात्रा को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम दिया।
युवक किसी तरह जंगल से बाहर निकलकर डायल-112 पर सूचना देने में सफल रहा, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए इंदौर ग्रामीण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए SIT का गठन किया है। डीआईजी मनोज सिंह, एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया और एएसपी रूपेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसे उपचार व काउंसलिंग दी जा रही है, जबकि घायल युवक का भी इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर सुनसान इलाकों और जंगलों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
No comments