सोनम घर आई तो मैं घर छोड़ दूंगा… जमानत मिलते ही सगे भाई ने तोड़ा रिश्ता, राजा के परिवार से भी पल्ला झाड़ा.

इंदौर : ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की सनसनीखेज हत्या के मामले में मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलांग कोर्ट से जमानत मिलते ही पारिवारिक रिश्तों में ‘महाभारत’ शुरू हो गई है। जिस भाई ने अब तक इंसाफ की लड़ाई में राजा के परिवार का साथ देने की कसम खाई थी, उसने अब पूरी तरह से ‘यू-टर्न’ ले लिया है। सोनम के भाई गोविंद ने न केवल अपनी बहन से नाता तोड़ लिया है, बल्कि मृतक राजा के भाई विपिन रघुवंशी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए मदद से इनकार कर दिया है।
“जमानत मिली है, दोषमुक्त नहीं हुई”: भाई का सख्त रुख
शिलांग कोर्ट से सशर्त जमानत (Conditional Bail) मिलने के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि सोनम अपने मायके लौट सकती है, लेकिन उसके भाई गोविंद ने घर के दरवाजे बंद कर दिए हैं। गोविंद ने दोटूक शब्दों में कहा, “सोनम रघुवंशी से मेरा अब कोई रिश्ता नहीं है। मैं उसकी कोई मदद नहीं करूंगा। अगर वह मेरे घर रहने आई, तो मैं खुद अपना घर छोड़कर कहीं और चला जाऊंगा।” गोविंद ने यह भी साफ किया कि अदालत ने उसे सिर्फ बाहर आने की इजाजत दी है, वह बेगुनाह साबित नहीं हुई है।
क्यों टूटा भाई का धैर्य? राजा के परिवार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
गोविंद के इस अचानक बदले व्यवहार के पीछे मृतक राजा के भाई विपिन रघुवंशी द्वारा लगाए जा रहे आरोप बताए जा रहे हैं। गोविंद का दावा है कि उन्होंने जांच में राजा के परिवार का हर कदम पर साथ दिया और जहां बुलाया गया वहां गए। गोविंद ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “विपिन के आरोपों से मैं अब बुरी तरह परेशान हो चुका हूं। जब मदद करने के बाद भी मुझे ही दोषी माना जा रहा है और मुझ पर ही उंगलियां उठाई जा रही हैं, तो अब मुझे फर्क नहीं पड़ता। आज से मैं राजा के परिवार का साथ देना बंद कर रहा हूं।”
हनीमून मर्डर मिस्ट्री: रिश्तों के जाल में उलझी मर्डर की कहानी
राजा रघुवंशी हत्याकांड ने देशभर में तब सुर्खियां बटोरी थीं, जब हनीमून मनाने मेघालय गए राजा का शव गहरी खाई में मिला था। पुलिस जांच में उनकी पत्नी सोनम को मुख्य साजिशकर्ता (Mastermind) बताया गया। करीब 10 महीने जेल में रहने के बाद अब सोनम बाहर आई है। जमानत मिलने के बाद भाई-बहन के बीच का यह विवाद और दोनों परिवारों के बीच बढ़ती कड़वाहट ने इस हाई-प्रोफाइल केस को और भी पेचीदा बना दिया है।
अब क्या होगा आगे?
एक तरफ राजा का परिवार सोनम की जमानत के खिलाफ हाई कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सोनम के सगे भाई के इस असहयोग वाले रुख ने उसे अपनों के बीच भी अलग-थलग कर दिया है। अब देखना यह होगा कि जमानत पर बाहर आने के बाद सोनम का अगला कदम क्या होता है और राजा के भाई विपिन इस नए घटनाक्रम पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।
No comments