Recent Posts

Breaking News

हेल्मेट समझकर सिर पर रखा लोहे का डिब्बा, पर गले में ऐसा फंसा कि निकल गई चीख! अलवर में ग्राइंडर मशीन से काटा गया कैन; क्या आपने देखा जुगाड़ का यह जानलेवा अंजाम?

अलवर : अलवर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां गर्मी से बचने के लिए किया गया देसी जुगाड़ एक युवक की जान पर भारी पड़ गया। चिलचिलाती धूप से बचने के लिए युवक ने लोहे के दूध के खाली कैन को हेलमेट की तरह सिर पर रख लिया, लेकिन यह कैन उसके गले में फंस गई और वह बाहर नहीं निकल सका।

यह घटना अकबरपुर थाना क्षेत्र के माधोगढ़ गांव की है, जहां कालूराम रैबारी नाम का युवक बटाई के गेहूं का हिसाब करने जा रहा था। तेज धूप से बचने के लिए उसने अपने पास मौजूद करीब 15 लीटर क्षमता वाली भारी लोहे की कैन को सिर पर रख लिया, जो देखते ही देखते उसके गले में फंस गई।

घबराहट में युवक ने कैन निकालने की कोशिश की, लेकिन पसीना और तनाव बढ़ने के कारण स्थिति और बिगड़ गई। कुछ ही देर में ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। युवक को तुरंत पास की हार्डवेयर दुकान पर ले जाया गया।

दुकानदार और ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि कैन और युवक की गर्दन के बीच बिल्कुल भी जगह नहीं थी, जिससे जरा सी गलती भी जानलेवा हो सकती थी। पहले सावधानीपूर्वक एक पतली पत्ती डालकर हल्का गैप बनाया गया, फिर युवक को सुरक्षित स्थिति में लिटाया गया।

इसके बाद ग्राइंडर मशीन की मदद से बेहद सावधानीपूर्वक कैन को काटने का काम शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार कैन को काटकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

हालांकि इस पूरी घटना के दौरान कालूराम बेहद घबराया हुआ था, लेकिन उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो यह संदेश दे रहा है कि गर्मी से बचने के लिए किए गए अनोखे जुगाड़ कई बार खतरनाक भी साबित हो सकते हैं।

No comments