Recent Posts

Breaking News

पानी मांगा, फिर मिठाई के बहाने उलझाया और पिस्टल तानकर लूट लिए जेवर... अयोध्या में बुर्का पहने आई महिला का कांड होश उड़ा देगा.

 


अयोध्या के रुदौली इलाके से लूट का जो मामला सामने आया है उसने सभी को हैरान करके रख दिया है. यहां अग्रवाल कॉम्प्लेक्स स्थित महेश ज्वेलर्स नामक दुकान में बुर्का पहनकर आई एक महिला ने न केवल फिल्मी अंदाज में वारदात को अंजाम दिया बल्कि विरोध करने पर दुकानदार की कनपटी पर पिस्टल भी तान दी. चंद मिनटों में सोने के जेवर समेटकर वह अपने साथी के साथ रफूचक्कर हो गई.

समोसा-मिठाई के फेर में उलझाया, फिर बैग में यूं भरा सोना

गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे बुर्का पहने एक महिला सामान्य ग्राहक बनकर दुकान में आई. कंधे पर बैग टांगे इस महिला ने दुकानदार से सोने के हार और चेन दिखाने को कहा. शातिर महिला ने खुद को शक के दायरे से बाहर रखने के लिए पहले पानी मांगा. फिर दुकानदार द्वारा समोसा देने की बात पर नखरे दिखाते हुए मिठाई खाने की इच्छा जताई. उसने दुकानदार और कर्मचारियों को अलग-अलग कामों में उलझा दिया. इसी बीच महिला ने काउंटर पर रखे करीब 26 ग्राम सोने के जेवर अपने बैग में डाल लिए.

'आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी' 

जेवर गायब देख जब दुकानदार महेश को शक हुआ और उसने महिला को रोकना चाहा तो उसने पलक झपकते ही अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली. पिस्टल दुकानदार की ओर तानते हुए उसने चीखकर धमकी दी कि अगर किसी ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह गोली चला देगी. दुकान में मौजूद लोग सहम गए और इसी का फायदा उठाकर महिला दुकान के बाहर खड़ी बाइक पर अपने साथी के साथ सवार होकर फरार हो गई.

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात

लूट की यह पूरी घटना दुकान में लगे कैमरों में कैद हो गई है. पुलिस ने इलाके के करीब 50 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली है. एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी के मुताबिक, आरोपियों का रूट ट्रैक कर लिया गया है और उनकी पहचान भी लगभग हो चुकी है. पुलिस का यह भी अनुमान है कि वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल नकली हो सकती है. हालांकि इसकी पुष्टि गिरफ्तारी के बाद ही होगी. फिलहाल आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. 

No comments