राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़; प्रेमी राज काट रहा जेल, पर मास्टरमाइंड बीवी को मिली ‘जमानत’!.

Sonam Raghuwanshi: मध्यप्रदेश के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिल गई है। लंबे समय से मेघालय की शिलांग जेल में बंद सोनम की जमानत याचिका को कोर्ट ने मंजूरी दे दी है, जिसकी पुष्टि मृतक राजा रघुवंशी के बड़े भाई ने भी की है। इस फैसले से पीड़ित परिवार को गहरा झटका लगा है, जो लगातार इंसाफ की मांग कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, सोनम रघुवंशी ने पहले भी तीन बार जमानत की कोशिश की थी, लेकिन हर बार उसकी याचिका खारिज हो गई थी। हालांकि इस बार कोर्ट ने उसे राहत दे दी। वहीं, इस केस में शामिल अन्य कुछ आरोपियों को पहले ही जमानत मिल चुकी थी, जबकि सोनम का कथित प्रेमी राज कुशवाह अभी भी जेल में है।
यह मामला 11 मई को हुई शादी से जुड़ा है, जब इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी ने सोनम से विवाह किया था। शादी के कुछ ही दिनों बाद 20 मई को दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। 23 मई को दोनों सोहरा (चेरापूंजी) इलाके से अचानक लापता हो गए थे।
इसके बाद 2 जून को राजा रघुवंशी का शव एक खाई में मिला, जिससे पूरे मामले ने सनसनी फैला दी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उनकी हत्या धारदार हथियार से किए जाने की पुष्टि हुई। जांच के दौरान 9 जून को सोनम को गाजीपुर से गिरफ्तार किया गया, जहां पूछताछ में उसने अपने प्रेमी राज कुशवाह और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की बात कबूल की थी।
पुलिस ने इस मामले में सोनम सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। अब कोर्ट के जमानत फैसले के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।
No comments