मां ने दो मासूम बेटियों संग खाया जहर, तीनों की दर्दनाक मौत; शराब की लत और प्रताड़ना ने उजाड़ा परिवार.

Sarsaul, Kanpur : थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत नजफगढ़ गांव में हुई हृदयविदारक घटना में मां ने दो मासूम बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे तीनों की मौत हो गई। महिला की ससुराल मैनपुरी जनपद के करहल क्षेत्र के नगला सीताराम गांव में थी। वह पिछले तीन वर्षों से पति से अलग (एक तरह से तलाक) होकर मायके नजफगढ़ में रह रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराजपुर के नजफगढ़ निवासी रामपाल पासवान की बेटी चांदनी की शादी 12 साल पहले मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र के नगला सीताराम निवासी मजदूर राकेश से हुई थी। चांदनी और राकेश की दो बेटियां पायल 6 और ब्यूटी 4 थीं।
चांदनी के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि उसकी बहन का पति राकेश शराब का आदी था और आए दिन नशे में धुत होकर उसके साथ मारपीट करता था। इससे तंग आकर चांदनी करीब 5 साल पहले बेटियों के साथ मायके रहने चली आई थी। तीन साल पहले गांव में पंचायत के बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे थे।
धर्मेंद्र ने बताया कि परिवार के एक हिस्से में वह अपनी पत्नी धीरेंद्र और दो बेटियों दिव्यांशी व दिव्या के साथ रहता है, जबकि दूसरे हिस्से में भाई जितेंद्र अपनी पत्नी संध्या, बेटे लकी और बेटी अदिति के साथ रहता है। चांदनी अपनी मां शांति देवी और बेटियों के साथ अलग रहती थी।
भाई जितेंद्र के मुताबिक, रोजाना की तरह वह मंगलवार सुबह 4 बजे उठकर शौच के लिए गांव के किनारे बने शौचालय गए थे। सुबह 6 बजे जब वह लौटे, तो घर के बाहर लोगों की भीड़ जमा थी। अंदर जाकर देखा तो बहन चांदनी और भांजियां पायल व ब्यूटी जमीन पर पड़ी थीं।
आनन-फानन में परिजन तीनों को सरसौल सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें गंभीर हालत में हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सुबह 11 बजे हैलट अस्पताल से महाराजपुर थाने को मृत्यु की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिजन बच्चियों के शव घर ले गए थे, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए लाया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments