जेल से छूटे बदमाशों ने युवक के साथ की अमानवीय हरकत, अधमरा कर सड़क पर छोड़ा..

भोपाल के शबरी नगर इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां बदमाशों ने वर्चस्व की लड़ाई में एक युवक को बेरहमी से पीटा और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों प्रेम थापा, गट्टू उर्फ “पिस्टल” और रोहित पंवार ने यश उर्फ भय्यू नाम के युवक को पकड़कर नंगा कर दिया और जमीन पर लिटाकर बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि युवक के साथ मारपीट के दौरान उसके साथ बेहद अपमानजनक और क्रूर हरकत भी की गई। युवक को अधमरा हालत में छोड़ दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह घटना दो दिन पुरानी है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना के पीछे इलाके में आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई का मामला जुड़ा हुआ है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है—
प्रेम थापा करीब दो महीने पहले सेंट्रल जेल भोपाल से रिहा हुआ था
रोहित पंवार हाल ही में बाल संप्रेक्षण गृह, सिवनी से छूटा है
गट्टू उर्फ पिस्टल करीब 10 दिन पहले जमानत पर जेल से बाहर आया है
वहीं, पीड़ित यश उर्फ भय्यू को जेल में बंद बदमाश उमेश उर्फ मिट्ठूलाल का करीबी बताया जा रहा है, जो फिलहाल हत्या के प्रयास के मामले में सजा काट रहा है। बताया जा रहा है कि उसी गैंग को खत्म करने के मकसद से इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस जांच में जुटी
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना ने शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं लोगों में डर और आक्रोश का माहौल है।
No comments