दूध लेने जा रही वृद्धा पर मधुमक्खियों का हमला, मौत से मचा कोहराम, बहू, नातिन, नाती समेत कई घायल

Farrukhabad News : मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव सकवाई में रविवार सुबह मधुमक्खियों के झुंड के हमले में एक वृद्धा की मौत हो गई, जबकि कई अन्य ग्रामीण घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सकवाई निवासी स्वर्गीय बालिस्टर सिंह की पत्नी सुधीरा देवी (60) सुबह करीब आठ बजे घर से दूध लेने के लिए निकली थीं। घर से कुछ दूरी पर स्थित नीम के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। जैसे ही वह पेड़ के नीचे पहुंचीं, मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक उन पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह घर की ओर भागीं, लेकिन मधुमक्खियां उनका पीछा करती रहीं।
वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद उनकी बहू सपना देवी (35), नातिन परी और नाती शौर्य (5) उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन मधुमक्खियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान मोहल्ले के कई अन्य लोग भी घायल हो गए। इसके बाद करीब 10-12 ग्रामीणों ने आग जलाकर धुआं किया, तब जाकर मधुमक्खियां वहां से हट सकीं।
हमले के बाद बेहोशी की हालत में सुधीरा देवी को कस्बे के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका के दो बेटे राम प्रताप सिंह राठौर और नवीन हैं। घटना की सूचना लेखपाल को दे दी गई है।
मधुमक्खियों के इस हमले के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नीम के पेड़ पर लगे छत्ते को जल्द हटवाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
No comments