Recent Posts

Breaking News

‘चमत्कार’ के नाम पर महिला के साथ गंदा काम करता था ढोंगी बाबा, आरोपी हिमाचल से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर -चांपा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां चमत्कार और इलाज के नाम पर एक महिला को झांसे में लेकर उसके साथ बार-बार अनाचार करने वाले कथित ढोंगी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना पामगढ़ पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से पकड़कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपित की पहचान स्वामी निर्मल जी उर्फ निर्मल बाबा (उम्र 60 वर्ष), मूल निवासी नाशिक (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

मामले की शुरुआत 11 अप्रैल 2026 को हुई, जब पीड़िता ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी पामगढ़ क्षेत्र के एक गांव में पदयात्रा करते हुए आया था और खुद को चमत्कारी बाबा बताकर लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा करता था। इसी दौरान पीड़िता अपनी एक सहेली के साथ उससे मिलने पहुंची, जहां आरोपित ने उसका हाथ देखकर इलाज करने का भरोसा दिलाया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

इसके बाद 26 मार्च को आरोपित ने पीड़िता को पामगढ़ क्षेत्र के एक बाजार में बुलाया, जहां उसे प्रसाद दिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पीड़िता आरोपित के झांसे में आकर पहले बिलासपुर और फिर ट्रेन से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंची, जहां एक होटल में ठहराया गया। वहां आरोपित ने इलाज के नाम पर उसके साथ बार-बार जबरदस्ती अनाचार किया।

घटना के बाद 1 अप्रैल 2026 को आरोपित पीड़िता को बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया। पीड़िता के घर लौटने के बाद भी आरोपित ने उसे फोन कर परेशान करना जारी रखा। जब पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, तो आरोपित ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो पोस्ट कर वायरल कर दिया और उसे ब्लैकमेल करने लगा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 21 अप्रैल 2026 को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश दी और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना पामगढ़ के निरीक्षक सावन सारथी, प्रधान आरक्षक रामलाल मार्कडेय, आरक्षक सूरज सिंह पाटले और नवनीत रात्रे की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे ढोंगी बाबाओं के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

No comments