यूनिवर्सिटी में पढ़ाई नहीं, अपराध की ‘क्लास’ ले रहा था बदमाश…लॉरेंस के नाम पर फैलाता था दहशत ; पुलिस ने गुरुग्राम में ही कर दिया ‘गेम ओवर’!

धौलपुर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सदर थाना पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े एक वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से रंगदारी वसूलने और जान से मारने की धमकियां देने के मामले में फरार चल रहा था। आरोपी पर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने के आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान नमन्न जांगिड़ के रूप में हुई है, जो हरियाणा के महेंद्रगढ़ का रहने वाला है। उसके खिलाफ 25 मार्च 2025 को श्रीगंगानगर के जवाहर नगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विदेशी नंबरों और व्हाट्सएप कॉल के जरिए लोगों को धमकाकर उनसे मोटी रकम वसूलने की कोशिश करता था। इस मामले में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि कुछ अभी भी फरार हैं।
पुलिस ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर हरियाणा के गुरुग्राम स्थित SGT यूनिवर्सिटी के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
फिलहाल पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
No comments