‘कहीं से भी ढूंढ निकालेंगे..’, घर पर नहीं मिले पवन खेड़ा, असम पुलिस जब्त कर ले गई ये चीज

Pawan Kheda : असम में विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन पासपोर्ट होने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद राज्य की राजनीति में हड़कंप मच गया है। इस आरोप के बाद असम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के घर पर छापेमारी की है।
पुलिस ने घर में तलाशी ली और कुछ सामान अपने साथ ले गए हैं। हालांकि, वहां कांग्रेस प्रवक्ता मौजूद नहीं थे। असम पुलिस ने चेतावनी देते हुए कहा है कि वे पवन खेड़ा को कहीं से भी ढूंढ निकालेंगे। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने इस संदर्भ में प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि उनके सहयोगी कल गुवाहाटी से भाग गए थे। उन्होंने बताया कि मीडिया के माध्यम से पता चला है कि पुलिस उनके दिल्ली स्थित आवास पर गई थी, लेकिन वह हैदराबाद भाग गए हैं। उन्होंने कहा, “कानून अपना काम करेगा।”
पवन खेड़ा के घर पर हुई इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि लोकतंत्र में बुनियादी सवाल पूछने पर उनके सहयोगी पवन खेड़ा को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस अधिकारियों की पूरी फौज तैनात करना यह दर्शाता है कि असम के मुख्यमंत्री परेशान, हताश और डरे हुए हैं। रमेश ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया उचित नहीं है, बल्कि यह बदले की कार्रवाई है, जिसमें राज्य मशीनरी का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज़ दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि मुख्यमंत्री को आगामी चुनाव में हार का सामना करना पड़ रहा है।
पवन खेड़ा ने लगाए थे ये आरोप
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने 5 अप्रैल को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूछा था कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग पासपोर्ट कैसे हैं? उन्होंने सवाल किया कि क्या इन पासपोर्ट रखने की जरूरत है? क्या वे कोई अपराधी हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि हिमंता बिस्वा सरमा के पास एक से ज्यादा पासपोर्ट क्यों हैं? क्या वे असम चुनाव हारने के बाद कहीं भागने की योजना में हैं?
पवन खेड़ा ने कहा, “हिमंता बिस्वा सरमा की राजनीति मुसलमानों के खिलाफ नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट रखती हैं। कैसे? भारत के कानून के मुताबिक, आप दोहरी नागरिकता नहीं रख सकते। तो क्या रिंकी भुइयां सरमा भारत का पासपोर्ट भी रखती हैं? क्या देश के गृहमंत्री अमित शाह को यह जानकारी थी कि उनके दत्तक पुत्र की पत्नी तीन पासपोर्ट रखती हैं? गृहमंत्री अमित शाह से सवाल है कि क्या वो इस मामले की जांच के लिए SIT बिठाएंगे?”
No comments