सीएम योगी ‘धुरंधर’ तो अखिलेश यादव हैं ‘रहमान डकैत’, चुनाव से पहले ही यूपी बन गया ल्यारी

UP Politics : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ संगठन द्वारा लगाए गए विवादित पोस्टरों ने राजनीतिक घमासान शुरू कर दिया है। इन पोस्टरों में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को फिल्म ‘धुरंधर’ के खलनायक ‘रहमान डकैत’ के रूप में दर्शाया गया है, जबकि वर्तमान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘धुरंधर सीएम’ के रूप में दिखाया गया है। यह पोस्टर जिले के विभिन्न स्थानों जैसे अंबेडकर चौराहा और एसपी ऑफिस के पास के इलाकों में देखा गया है।
इन होर्डिंग्स में अखिलेश यादव की तस्वीर को फिल्म ‘धुरंधर’ के विलेन ‘रहमान डकैत’ के रूप में एडिट कर दिखाया गया है, जिसमें उन्होंने लाल टोपी और काले चश्मे पहने हुए हैं। इसके नीचे लिखा है ‘अखिलेश का ल्यारी राज’। साथ ही, होर्डिंग में मुजफ्फरनगर और शामली के दंगों की खबरों की कटिंग भी लगी है, जो उनके शासनकाल में हुई घटनाओं को दर्शाती हैं।
दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कन्या पूजन करते हुए तस्वीर है, जिसके नीचे लिखा है ‘धुरंधर सीएम’। इन होर्डिंग्स में योगी की तस्वीर के नीचे माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी पर कार्रवाई से संबंधित खबरें भी दिखाई गई हैं। इस पोस्टर में जनता से पूछा गया है: ‘आपको क्या चाहिए?’ फिल्म ‘धुरंधर’ में ‘रहमान डकैत’ की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अक्षय खन्ना का चित्र भी शामिल है।
रहमान डकैत पाकिस्तान के कराची के ल्यारी इलाके का एक कुख्यात डान था, जिसे इन पोस्टरों के माध्यम से सपा शासन को दंगे, अराजकता और माफियावाज से जोड़कर दिखाया गया है, जबकि वर्तमान सरकार को माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने वाली बताने का प्रयास किया गया है। इस विवादित पोस्टर पर सपा के जिलाध्यक्ष अफजल खान और बृजेश यादव ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्होंने पोस्टर फाड़ दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी पदाधिकारियों से चर्चा के बाद पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।
No comments