गुरुग्राम में खौफनाक ‘एंडगेम’ , शराबी पति ने पहले पत्नी का गला घोंटा, फिर खुद भी फंदे पर झूला

गुरुग्राम के सेक्टर-9 स्थित अंबेडकर नगर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 33 वर्षीय टैक्सी ड्राइवर ने पहले अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान दीपक कुमार और उनकी पत्नी सोनम बाई के रूप में हुई है, जो मूल रूप से राजस्थान के अलवर के रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, यह दंपती करीब आठ साल पहले प्रेम विवाह कर चुका था और अपने छह साल के बेटे के साथ किराए के मकान में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपक शराब का आदी था, जिसके चलते दंपती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि करीब एक महीने पहले दीपक पत्नी से अलग रहने लगा था, जिसके बाद सोनम ने अपनी बहन अमृता को अपने साथ रहने के लिए बुला लिया था।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को अमृता जब बाहर से लौटकर घर पहुंची तो उसने रसोई में सोनम का शव पड़ा देखा, जबकि दूसरे कमरे में दीपक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। उनका बेटा उस समय घर में ही मौजूद था। घटना के बाद अमृता ने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, जिन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि सोनम के शव पर गला घोंटने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। सेक्टर-9ए थाना प्रभारी अवतार सिंह ने कहा कि मामला घरेलू विवाद और शराब की लत से जुड़े झगड़ों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है।
No comments