मिठाई की कमी ने खुशियों का जश्न बदला मातम में ! बाराती बोले रस मलाई कहां है, न मिलने पर चलई लाठियां

राजस्थान के कोटा शहर में बुधवार देर रात एक शादी का खुशनुमा माहौल अचानक हंगामे में बदल गया। शहर के एयरपोर्ट के सामने स्थित कलाल सामुदायिक भवन में चल रही रस्मों के दौरान मामूली सी रसमलाई को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। खुशियों भरी महफिल कुछ ही मिनटों में चीख-पुकार और मारपीट का अखाड़ा बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही खाने का दौर शुरू हुआ, एक पक्ष के कुछ लोगों को रसमलाई नहीं मिली। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही तकरार और फिर हिंसक झगड़े में बदल गई। पहले गाली-गलौज हुई, फिर धक्का-मुक्की और इसके बाद दोनों पक्षों ने आमने-सामने जमकर मारपीट की। विवाद इतना बढ़ा कि हंगामा सड़क तक फैल गया। इस झगड़े में दो युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद एक पक्ष ने विज्ञान नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और झगड़े में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। मामूली सी मिठाई की कमी ने शादी के जश्न को बवाल और हिंसा में बदल दिया।
No comments