Recent Posts

Breaking News

रंगे हाथ पकड़े गए प्रेमी-प्रेमिका, पंचायत में मुकरा प्रेमी; नवविवाहिता ने उठा लिया ये कदम…

बांका : बिहार के बांका जिले से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्यार, धोखा और फिर सामाजिक जिल्लत ने एक हंसती-खेलती जिंदगी को हमेशा के लिए खामोश कर दिया। महज 10 महीने पहले शादी के बंधन में बंधी 19 वर्षीय लाडो खातून ने प्रेमी की बेवफाई से आहत होकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। यह दर्दनाक घटना अमरपुर थाना क्षेत्र के नया टोला हसनपुर की है, जहां एक वैवाहिक रिश्ते का अंत खौफनाक तरीके से हुआ।

शादी के 5वें महीने में चढ़ा प्यार का बुखार, पति को नहीं थी भनक
जानकारी के अनुसार, लाडो खातून की शादी जुलाई 2025 में बौंसी के रहने वाले मोहम्मद हासिब के साथ पूरे अरमानों के साथ हुई थी। शुरुआती कुछ महीनों तक वैवाहिक जीवन सुखमय रहा, लेकिन शादी के पांचवें महीने में ही लाडो का दिल पड़ोस के रहने वाले युवक गुफरान पर आ गया। दोनों के बीच चोरी-छिपे इश्क का सिलसिला शुरू हो गया। पति हासिब को अपनी पत्नी के इस प्रेम प्रसंग की रत्ती भर भी भनक नहीं थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े गए, फिर पति की बेरहमी से पिटाई
घटना के करीब 10 दिन पहले लाडो अपने पति के साथ मायके आई थी। बुधवार को जब हासिब किसी काम से बाजार गया था, तभी मौका देखकर प्रेमी गुफरान लाडो से मिलने घर पहुंच गया। इसी बीच हासिब अचानक घर लौट आया और उसने अपनी पत्नी को गुफरान के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथों पकड़ लिया। जब पति ने इसका विरोध किया, तो प्रेमी गुफरान के सिर पर खून सवार हो गया। उसने अपने साथियों को बुलाकर हासिब की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे मामला और बिगड़ गया।

‘मैं नहीं करूंगा इससे शादी’ – पंचायत में प्रेमी ने फेरा मुंह
विवाद को सुलझाने और सामाजिक प्रतिष्ठा बचाने के लिए गांव में पंचायत बुलाई गई। देर शाम तक चली इस पंचायत में जब पंचों ने गुफरान के सामने लाडो को अपनाने और उससे निकाह करने का प्रस्ताव रखा, तो उसने सबके सामने बेरहमी से कह दिया”मैं इससे शादी नहीं करूंगा।” प्रेमी के इस दोहरे रवैये और पति द्वारा ठुकराए जाने के डर ने लाडो को अंदर तक झकझोर दिया। जिस प्रेमी के लिए उसने अपना घर-संसार दांव पर लगा दिया था, उसी ने भरी सभा में उसे बेइज्जत कर छोड़ दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पंचायत में मिली जिलत और भविष्य के अंधेरे से टूटी लाडो ने देर रात जहरीली दवा का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे भागलपुर के मायागंज अस्पताल ले गए, लेकिन गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी प्रेमी गुफरान व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है

No comments