शादी की तैयारी या जेल की तैयारी? नाबालिग को गर्भवती कर दूसरी लड़की से निकाह करने चला था युवक, अब पुलिस सिखाएगी सबक!

भोपाल/मध्यप्रदेश: प्रदेश में नाबालिगों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों के बीच एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ उसके ही पड़ोसी द्वारा दुष्कर्म किए जाने का खुलासा हुआ है। आरोपी ने न केवल किशोरी की अस्मत लूटी, बल्कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर महीनों तक खामोश रहने पर मजबूर किया।
शादी की चर्चा ने तोड़ी चुप्पी
पुलिस के अनुसार, यह घटना जनवरी माह की है। आरोपी अभिषेक सेन और पीड़िता एक ही कॉलोनी के निवासी हैं। डरी-सहमी पीड़िता पिछले तीन महीनों से इस जुल्म को सह रही थी, लेकिन जब उसे पता चला कि आरोपी अभिषेक किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है, तो उसके सब्र का बांध टूट गया। सदमे में आकर पीड़िता ने आत्मघाती कदम उठाने की भी कोशिश की।
मेडिकल जांच में हुआ बड़ा खुलासा
थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि जब पीड़िता की तबीयत बिगड़ी और उसकी डॉक्टरी जांच कराई गई, तब पता चला कि वह गर्भवती है। इसके बाद परिजनों के सामने पूरी सच्चाई आई और थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी अभिषेक सेन के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने सहित POCSO एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
No comments