फतेहाबाद की ‘धाकड़’ महिलाएं चलीं संसद! सरपंच से लेकर प्रोफेसर तक, अब दिल्ली के दरबार में गूंजेगी नारी शक्ति.

फतेहाबाद जिले की 46 महिलाएं शुक्रवार को संसद भवन की कार्यवाही देखने के लिए भूना रोड स्थित भाजपा जिला कार्यालय से रवाना हुई। महिलाओं के दल को सुबह 5 बजे फतेहाबाद से दिल्ली के लिए रवाना किया गया, जिसके बाद दोपहर को यह जत्था हरियाणा भवन पहुंचा। इन महिलाओं को जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खीचड़ के नेतृत्व में भेजा गया है। इसके बाद दोपहर को यह महिलाएं संसद भवन जाएंगी और महिला आरक्षण बिल की गवाह बनेंगी।
बता दें कि, महिला आरक्षण बिल के खास पल के लिए बीजेपी की ओर से कई लोकसभा क्षेत्रों से महिलाओं को संसद कार्यवाही दिखाने के लिए आमंत्रित किया गया है। फतेहाबाद जिले में नारी शक्ति वंदन अभियान की जिला संयोजक जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खीचड़ को बनाया गया। इसके बाद महिलाओं से आवेदन मांगे गए। सारी प्रक्रिया के बाद 46 महिलाओं को शॉर्ट लिस्टिड करके सूची तैयार की गई है। इनमें 34 महिलाएं फतेहाबाद से जबकि 12 महिलाएं टोहाना से हैं। फतेहाबाद से महिलाओं का जत्था भाजपा जिला कार्यालय से रवाना हुआ जबकि टोहाना से महिलाएं अलग जत्थे के रूप में दिल्ली के हरियाणा भवन पहुंची। हरियाणा भवन में पूर्व सीएम एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की टीम इनके लिए सारी व्यवस्थाएं देख रही है। पहले इन महिलाओं को भोजन करवाया जाएगा। इसके बाद खट्टर टीम ही इनके पास की व्यवस्था करेगी। हरियाणा भवन से दोपहर बाद सीधा इन्हें संसद भवन ले जाया जाएगा। जहां दर्शक दीर्घा में बैठकर वे संसद की कार्यवाही को नजदीक से देख सकेंगी। दिल्ली जाने वाली महिलाओं में जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खीचड़, सोनिया सचदेवा, भारती सचदेवा, भाजपा महिला जिलाध्यक्ष सुमन बजाज, नगर परिषद उप प्रधान सविता टुटेजा, पंचायत समिति चेयरपर्सन पूजा बरसीन और गुरप्रीत कौर, मनोनीत पार्षद पूनम सिंगला और वीना रानी, सरपंच सुनीता रानी और सुमन देवी जनप्रतिनिधि के तौर पर शामिल रही। साथ ही शिक्षा जगत से प्रोफेसर अमरजीत कौर, टीचर सिमरन कौर गिल, सोनिया और वंदना को चुना गया है। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की 5 सदस्य भी दिल्ली गई हैं। नगर परिषद की ब्रांड एंबेसडर सियाज पूनिया भी दल में शामिल हैं। बाकी बीजेपी महिला कार्यकर्ताओं को मौका मिला है।
जिला परिषद चेयरपर्सन सुमन खीचड़ ने कहा कि महिलाओं के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। इस बिल के पास होने से राज्य की विधानसभाओं और देश की लोकसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा। इससे आम घरों की महिलाओं को भी राजनीति में आगे बढऩे का अवसर मिलेगा। महिलाओं के हित में इतना बड़ा फैसला लेने के लिए देश की महिलाएं पीएम नरेंद्र मोदी और सरकार की आभारी रहेंगी।
No comments