Recent Posts

Breaking News

‘अरे वो ‘Girlfriend’ नही प्रेमिका है..’ नगर पालिका का ‘रोमांटिक’ ट्रांसलेशन! जनगणना की लिस्ट में अपना नाम देख हैरान हुई महिला कर्मचारी.

 

Guna News: मध्य प्रदेश के गुना जिले में जनगणना कार्य से जुड़ी एक सूची में हुई टाइपिंग गलती ने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है। नगर पालिका द्वारा जारी कर्मचारियों की ड्यूटी सूची में एक महिला कर्मचारी का नाम गलत तरीके से दर्ज होने के बाद मामला सोशल मीडिया तक पहुंच गया और चर्चा का विषय बन गया।

दरअसल, जनगणना के दूसरे चरण के लिए 36 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी और इसके लिए गांधी वोकेशनल कॉलेज में प्रशिक्षण भी चल रहा है। इसी दौरान जारी सूची में सीरियल नंबर 5 पर एक महिला कर्मचारी का नाम ‘गर्लफ्रेंड पंत’ लिखा गया, साथ ही यूजर आईडी में भी ‘Girlfriend’ शब्द दर्ज होने से लोग हैरान रह गए।

जांच में सामने आया कि संबंधित महिला कर्मचारी का असली नाम ‘प्रेमिका पंत’ है और अंग्रेजी अनुवाद के दौरान ‘प्रेमिका’ शब्द को गलती से ‘Girlfriend’ लिख दिया गया। यह त्रुटि कई स्तरों से गुजरने के बावजूद पकड़ में नहीं आई और बिना जांच के दस्तावेज पर हस्ताक्षर भी हो गए।

मामला सामने आने के बाद नगर पालिका की CMO मंजूषा खत्री ने इसे गंभीर लिपिकीय गलती बताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार कर्मचारी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, संबंधित महिला कर्मचारी ने इसे अपने सम्मान से जुड़ा मामला बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है और कलेक्टर व CMO से शिकायत करने की बात कही है। यह घटना प्रशासनिक लापरवाही का बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है, जिसने सरकारी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

No comments