Recent Posts

Breaking News

सल्फास की गोली लाया हूं, या तो तू खा ले, या मैं खा लूं… मामा के डर से भांजी ने दी जान

महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में रिश्ते के मामा और परिजन ने भांजी पर जबरन शादी का दबाव बनाया और मोबाइल पर मैसेज भेजकर उसे परेशान किया गया। मामा के भय से युवती ने सल्फास की गोली खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। मां की तहरीर पर पुलिस ने युवती के सगे मामा समेत चार आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की है।

जिले की सीमा से सटे हमीरपुर जनपद के राठ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बताया कि उसकी 20 वर्षीय पुत्री बचपन से ही अपने ननिहाल महोबा के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में रह रही थी। जहां रिश्ते का मामा उसको बहला फुसलाकर भगा ले जाने का दबाव बनाने लगा और उसे मैसेज भेजकर परेशान करता था। इसके बाद वह पुत्री के पास पहुंचा और कहा कि मैं सल्फास की गोलियां लाया हूं… या तो तू खाले या फिर मैं खा लूं। नहीं तो मुझसे शादी कर लो।

बताया कि पुत्री ने विरोध किया तो उसने सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी। जिसकी जानकारी युवती ने रिश्ते के मामा के परिजनों को दी। लेकिन मामा के साथ ही उसके परिवार के लोग भी उस पर जबरन शादी के लिए दबाव बना रहे थे। इसकी जानकारी युवती ने 16 मार्च को अपनी मां को दी। उसने कहा कि अब वह उसके साथ रहेगी और ननिहाल में नहीं रहना।

मां ने तहरीर में बताया कि मामा के भय के कारण बेटी ने 17 मार्च की देर रात सल्फास खा लिया , जिसकी उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। महिला के अनुसार इस घटना में उसका सगा भाई भी शामिल है। मां ने तहरीर थाना पनवाड़ी में दी। पनवाड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक बीरेंद्र प्रताप ने बुधवार को बताया कि चिकासी थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के सत्यम, कृष्णा, जयपाल और लिधौरा खुर्द निवासी महिपाल के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

No comments