खून के रिश्ते का खूनी अंत! मंडला में बड़े भाई ने की छोटे भाई की बेरहमी से हत्या, ट्रैक्टर के विवाद में बोरी में भरकर टैंक में फेंकी लाश

मंडला जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक सगे भाई ने ही अपने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते आरोपी ने पहले सोते समय अपने भाई पर कुल्हाड़ी से हमला किया और फिर उसकी हत्या के बाद शव के 9 टुकड़े कर दिए। इसके बाद उसने शव के टुकड़ों को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया और घटना के बाद भी सामान्य जीवन जीता रहा।
मामला तब सामने आया जब 15 अप्रैल को मृतक आशीष साहू के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। लगातार तलाश के बीच 17 अप्रैल को घर के पीछे सेप्टिक टैंक से तेज दुर्गंध आने पर परिजनों को शक हुआ। पुलिस की मौजूदगी में जब टैंक खुलवाया गया तो वहां बोरी और कपड़ों में लिपटे शव के टुकड़े बरामद हुए, जिसकी पहचान आशीष के रूप में हुई।
पुलिस जांच में बड़े भाई घनश्याम साहू पर शक गहराया, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो हाल ही में ट्रैक्टर खरीदने और काम को लेकर और बढ़ गया था। आशंका है कि इसी रंजिश के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि परिजनों के अनुसार 2019 से दोनों भाइयों की मां भी लापता है, जिसे लेकर अब पुलिस इस हत्याकांड को एक बड़े एंगल से जोड़कर भी जांच कर रही है।
पड़ोसियों का कहना है कि परिवार में पहले से तनाव था, लेकिन किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि मामला इतना भयावह हो जाएगा। गांव में इस घटना के बाद दहशत और सन्नाटा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और FSL टीम साक्ष्य जुटा रही है। मामले की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित की गई है। आरोपी से कड़ी पूछताछ जारी है और पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में कोई और शामिल तो नहीं था।
यह घटना पूरे इलाके में सनसनी फैला रही है और रिश्तों पर भरोसे को झकझोर देने वाली साबित हुई है।
No comments