Recent Posts

Breaking News

जमीन और फसल के विवाद में भाई ने बहन के सिर पर कुल्हाड़ी से किया वार, मौके पर ही मौत.

 

श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र के रावला गांव से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां कृषि भूमि और फसल के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने अपनी सगी बड़ी बहन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मृतका की पहचान मंजू के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई सुरेन्द्र (25) है, जो बीएसटीसी का छात्र बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सुरेन्द्र ने फसल के हिस्से को लेकर अपनी बहन मंजू को घर बुलाया था। मंजू अपने परिचित रामावतार के साथ गांव पहुंची थी। इसी दौरान घर के भीतर दोनों के बीच जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।

गुस्से में आकर सुरेन्द्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से अपनी बहन के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गई और उसकी मौत हो गई। घटना के समय घर के बाहर मौजूद रामावतार ने अंदर जाकर देखा तो मंजू खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि आरोपी कुल्हाड़ी के साथ वहीं मौजूद था। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रावला थाना पुलिस, डीएसपी प्रशांत कौशिक और एसआई गिरधारी सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है तथा शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक जमीन विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

बताया जा रहा है कि मृतका पिछले दो वर्षों से परिवार की सहमति के बिना लिव-इन रिलेशन में रह रही थी और हाल ही में एक निजी कंपनी में कार्यरत थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है तथा पुलिस बल तैनात किया गया है।

No comments