Recent Posts

Breaking News

नंबर प्लेट पर टेप, चेहरों पर हेलमेट…लेकिन CCTV से नहीं बच सके स्नैचर, दरियागंज पुलिस ने दबोचे दो शातिर

New Delhi : राजधानी में मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने वाले दो शातिर बदमाश आखिरकार दरियागंज थाना पुलिस के हत्थे चढ़ गए। नंबर प्लेट पर सफेद टेप चिपकाकर और चेहरों को हेलमेट से ढंककर वारदात करने वाले इन आरोपियों की सारी चालाकी सीसीटीवी कैमरों के आगे धरी रह गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्नैचिंग में इस्तेमाल की जा रही चोरी की बजाज डोमिनार मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। इस कार्रवाई से दरीयागंज थाने के तीन और कोतवाली थाने के दो मामलों का खुलासा हुआ है।

घटना 1 अप्रैल 2026 की है। एक व्यक्ति रैपिडो बाइक से यात्रा कर रहा था। राजघाट के सामने वीर भूमि के पास वह अपना मोबाइल देखने के लिए रुका ही था कि तभी स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो हेलमेटधारी बदमाश शांति वन की ओर से आए और उसके हाथ से मोबाइल झपटकर फरार हो गए। पीड़ित ने उनका पीछा भी किया, लेकिन दोनों आईजी स्टेडियम की तरफ भाग निकले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए दरियागंज थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। एसआई प्रियंक राणा, हेड कांस्टेबल सुनील हुड्डा, संदीप और रोहित ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए। जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की बजाज डोमिनार बाइक का इस्तेमाल कर रहे थे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने आगे की नंबर प्लेट पर सफेद टेप लगा रखा था, जबकि पीछे की नंबर प्लेट को भी जानबूझकर क्षतिग्रस्त किया गया था। सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की गतिविधियां पुस्ता रोड, एमजी मार्ग और लक्ष्मी नगर तक ट्रेस की गईं। लक्ष्मी नगर के एक पार्क के पास बाइक खड़ी करने के दौरान दोनों के चेहरे कैमरे में कैद हो गए। यही फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ।

तकनीकी निगरानी, स्थानीय सूचना और मुखबिर की मदद से पुलिस ने पहले मोहम्मद अयान (22), निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश, को 9 अप्रैल को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर स्नैचिंग में इस्तेमाल की गई बजाज डोमिनार बाइक बरामद की गई। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 24 मार्च को डाबरी इलाके से चोरी की गई थी।

अयान की गिरफ्तारी के बाद उसका साथी मोहम्मद अरसद उर्फ असद (22), निवासी शास्त्री पार्क, फरार हो गया। वह लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन दरीयागंज पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर 24 अप्रैल को उसे द्वारका के मधु विहार इलाके से दबोच लिया।

पूछताछ में अरसद ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि पिछले दो महीनों में उसने साथी अयान के साथ मिलकर रिंग रोड और अन्य इलाकों में कई मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम दिया। उसकी निशानदेही पर दरीयागंज थाने के दो और मामलों का खुलासा हुआ। साथ ही, कोतवाली थाने के दो मामलों से भी उसका संबंध सामने आया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी छीने गए मोबाइल फोन एक रिसीवर असलम को बेचते थे। असलम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

गिरफ्तार आरोपी अरसद के खिलाफ पहले से स्नैचिंग और चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में और भी कई वारदातों का खुलासा हो सकता है। दरीयागंज पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी दिखा लें, कानून की नजर से बचना आसान नहीं।

No comments