उद्धाटन हो गया मगर Google Maps पर नहीं मिल रहा गंगा एक्सप्रेसवे का रास्ता, जानिए वजह…

Ganga Expressway Opening : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कर दिया गया है, लेकिन अभी यह Google Maps पर दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे सोशल मीडिया पर कई यूजर्स सवाल उठा रहे हैं। करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी सड़क परियोजनाओं में से एक है, जो मेरठ से प्रयागराज को सीधे जोड़ता है और इससे यात्रा समय में भारी कमी आने की उम्मीद है।
Google Maps पर किसी भी नई सड़क को तुरंत लाइव नहीं किया जाता, क्योंकि इसके लिए एक पूरी तकनीकी प्रक्रिया होती है। सबसे पहले Google सरकारी एजेंसियों से सड़क का आधिकारिक डिजिटल डेटा लेता है, उसके बाद सैटेलाइट इमेज से यह पुष्टि की जाती है कि निर्माण पूरी तरह पूरा हो चुका है। इसके बाद ही किसी सड़क को मैप पर जोड़ा जाता है।
इसके अलावा वास्तविक ट्रैफिक डेटा भी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब इस एक्सप्रेसवे पर बड़ी संख्या में वाहन चलना शुरू करेंगे, तब GPS डेटा के जरिए Google को जानकारी मिलेगी कि यह नया और सक्रिय रूट है, जिसके बाद इसे मैप पर अपडेट किया जाएगा। इस प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है, इसलिए उद्घाटन के तुरंत बाद यह सड़क Google Maps पर नहीं दिखती।
सुरक्षा भी इसका एक बड़ा कारण है। किसी भी नए मार्ग को तुरंत मैप पर इसलिए नहीं दिखाया जाता ताकि लोग अधूरी या असुरक्षित सड़क पर न पहुंच जाएं। निर्माण पूरा होने और सभी एंट्री-एग्जिट प्वाइंट सुरक्षित होने के बाद ही इसे लाइव किया जाता है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
उम्मीद की जा रही है कि जैसे ही इस एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक शुरू होगा और सिस्टम में डेटा अपडेट होगा, अगले कुछ घंटों या एक-दो दिनों के भीतर यह Google Maps पर दिखाई देने लगेगा। इसके बाद यात्रियों को इस नए एक्सप्रेसवे पर नेविगेशन की सुविधा भी आसानी से मिल सकेगी और यात्रा और भी सुगम हो जाएगी।
No comments