HP News: हिमाचल में 23 अप्रैल तक साफ रहेगा मौसम, इस दिन से फिर बारिश-बर्फबारी

23 अप्रैल तक साफ रहेगा मौसम, लाहुल-स्पीति, किन्नौर में चलेगा तूफान
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश में इस हफ्ते मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश भर में कहीं बारिश, तो कहीं तापमान बढऩे के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा जारी ताजा बुलेटिन के अनुसार 20 अप्रैल को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश, गर्जन और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विशेषकर किन्नौर और लाहुल-स्पीति जैसे जनजातीय क्षेत्रों में हवाओं का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। इसके बाद 20 से 23 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी और दैनिक गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रह सकेंगी। हालांकि 24 और 25 अप्रैल को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। इन दिनों ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है।
तापमान की बात करें तो फिलहाल न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन अगले चार से पांच दिनों के दौरान तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हाल ही में कुकुमसेरी में प्रदेश का न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पांवटा साहिब में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मैदानों में गर्मी के बढ़ते असर को दर्शाता है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। 23 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
कहां, कितना तापमान
प्रदेश में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और औसतन 1.8 डिग्री सेल्सियस की कमी देखी गई, जबकि तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री जो सामंान्य से 3.9 डिग्री अधिक रहा। सुंदरनगर में 31.7 डिग्री, ऊना में 36.2 डिग्री और नाहन में 32.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मंडी में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और कांगड़ा में 31.4 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि धर्मशाला में 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सोलन में 31.2 डिग्री और बिलासपुर व हमीरपुर जैसे क्षेत्रों में भी गर्मी का असर बना रहा।
No comments