Recent Posts

Breaking News

रात को बहन की डोली उठी…सुबह भाई की अर्थी, बहन को ससुराल छोड़ लौट रहे भाई की हादसे में मौत


नियती कभी-कभी ऐसा निर्दयी खेल खेलती है कि खुशियों से सराबोर घर भी देखते ही देखते मातम के सन्नाटे में बदल जाता है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल में मंगलवार सुबह घटी एक दर्दनाक सडक़ दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। 

जिस घर से सोमवार रात बेटी की डोली बड़े अरमानों के साथ विदा हुई थी, उसी घर में मंगलवार सुबह बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही खुशियां चीखों में बदल गईं। तीस वर्षीय दिनेश शर्मा पुत्र घनश्याम शर्मा अपनी बहन की विदाई के बाद तलवाड़ा से घर लौट रहा था। बहन को हंसते-हंसते विदा कर वह अपनों से मिलने की जल्दी में था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर साबित होगा।

बढ़ाल के समीप उसकी कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दिनेश किसी तरह वाहन से बाहर निकल आया और मदद की आस में सडक़ किनारे पड़ा रहा। सुबह का समय होने के कारण काफी देर तक वहां से कोई नहीं गुजरा। जिंदगी और मौत के बीच जूझते उस युवक की आवाज शायद नियति ने ही सुनने नहीं दी। 

जब स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और उसे अस्पताल पहुंचाया गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना संसारपुर टैरेस के प्रभारी संजय शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए देहरा अस्पताल भेज दिया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

देहरा के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शादी की थी तैयारियां

हादसे की सबसे मार्मिक बात यह है कि दिनेश का विवाह भी करीब छह माह बाद होना तय था। परिवार बेटी की शादी की खुशियों में डूबा था और अब बेटे की शादी की तैयारियों के सपने देख रहा था, लेकिन एक पल में किस्मत ने सब कुछ छीन लिया। जिस आंगन में रातभर शहनाइयां गूंजती रहीं, वहीं कुछ घंटों बाद मातम, चीख-पुकार और आंसुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। जिसने बहन की डोली को कंधा दिया था, उसी भाई की अर्थी उठाने की नौबत आ गई।

बेटा नहीं आया मौत की खबर आई

एक सडक़ हादसे ने कुछ ही घंटों में एक परिवार की सारी खुशियां निगल लीं। बेटी की विदाई के बाद जिस मां ने बेटे के जल्द लौटने का इंतजार किया, उसे उसकी मौत की खबर मिली। यह घटना हर उस परिवार के लिए एक दर्दनाक संदेश है कि जिंदगी का अगला पल किस रूप में सामने आएगा, यह कोई नहीं जानता।

No comments