HP News: अढ़ाई साल से घर में खड़ी गाड़ी का कटा ऑनलाइन चालान, परिवहन विभाग पर उठे सवाल

बिलासपुर जिला के स्वारघाट में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां अढ़ाई साल से घर में घड़ी गाड़ी का 2000 रुपए का ऑनलाइन चालान हुआ है। इस घटना ने परिवहन विभाग के आईटीएमएस सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार कार (एचपी 91-3856) के मालिक नरेश कुमार निवासी स्वाहण के चाचा शेर सिंह ने बताया कि उक्त कार का करीब अढ़ाई वर्ष पूर्व एक्सीडैंट हो गया था, जिसमें वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तब से गाड़ी घर में ही खड़ी है और इंश्योरैंस क्लेम को लेकर कंपनी के साथ मामला लंबित है। वाहन को चलाना तो दूर, उसे कवर से ढककर रखा गया है।
नरेश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि उसकी गाड़ी एक्सीडेंट के बाद पिछले ढाई वर्षों से घर में खड़ी है, लेकिन अचानक उन्हें आज सुबह मैसेज आया कि गरामोड़ा स्थित आईटीएमएस के माध्यम से वाहन का 2,000 रुपए का चालान हुआ है।
चालान में वाहन का इंश्योरैंस समाप्त होना कारण दर्शाया गया है। उन्होंने इसे परिवहन विभाग की त्रुटि बताते हुए कहा कि जो वाहन लंबे समय से सड़क पर नहीं चल रहा, उसका इस प्रकार चालान किया जाना अनुचित है। उन्होंने मामले की शिकायत आरटीओ बिलासपुर से की तथा सरकार से इस प्रकार की त्रुटियों को सुधारने की मांग की है।
No comments