Recent Posts

Breaking News

पत्नी बनी फर्जी IAS और पति बॉडीगार्ड; 34 लाख की चपत लगाकर पटना से गिरफ्तार

मधेपुरा, बिहार : बिहार के मधेपुरा जिले में जालसाजी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर पुलिस भी हैरान है। एक शातिर दंपति ने खुद को बिहार सरकार का रसूखदार अधिकारी बताकर एक ठेकेदार से करीब 34.74 लाख रुपये ठग लिए। ठगी की इस स्क्रिप्ट में पत्नी ‘IAS अधिकारी’ बनी थी, तो पति खाकी वर्दी पहनकर ‘बॉडीगार्ड’ के तौर पर सुरक्षा दे रहा था। मधेपुरा पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दोनों को पटना के बिहटा से दबोच लिया है।

पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा में बुना गया जाल
ठगी की यह कहानी साल 2025 में सिंहेश्वर धाम में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के दौरान शुरू हुई। मधेपुरा के वार्ड नंबर 9 निवासी ठेकेदार नारायण यादव की मुलाकात वहां एक VIP स्कॉर्पियो सवार दंपति से हुई। गाड़ी पर नीली बत्ती जैसा रसूख और ‘प्रधान सचिव-सह-मिशन निदेशक, सामान्य प्रशासन विभाग, बिहार सरकार’ का बोर्ड लगा था।

फर्जी रसूख और सरकारी ठेकों का लालच
पीड़ित के अनुसार, आरोपी सनी कुमार खाकी वर्दी में बॉडीगार्ड बनकर गाड़ी के पास खड़ा रहता था। उसने नारायण यादव को झांसा दिया कि गाड़ी में बैठी महिला (उसकी पत्नी श्रद्धांजलि देवी) एक वरिष्ठ IAS अधिकारी है। आरोपियों ने दावा किया कि उनके ऊंचे रसूख के कारण वे बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में बड़े ठेके दिला सकते हैं। इस झांसे में आकर नारायण यादव ने अलग-अलग किस्तों में कुल 34.74 लाख रुपये सनी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

पैसे मांगने पर मारपीट और लूट
जब काफी समय बीतने के बाद भी कोई ठेका नहीं मिला, तो नारायण यादव ने अपने पैसे वापस मांगे। आरोप है कि पैसे लौटाने के बजाय आरोपी सनी राय ने मधेपुरा पहुंचकर पीड़ित के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़ित का कीमती मोबाइल फोन भी छीन लिया और फरार हो गया। इसके बाद पीड़ित ने 8 फरवरी को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

पटना के बिहटा में पुलिस की छापेमारी
मधेपुरा एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सोमवार रात पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर बिलापटोला में छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से ठगी में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार और लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

भोजपुर के रहने वाले हैं ‘पेशेवर ठग’
जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार दंपति मूल रूप से भोजपुर जिले के पीरो के रहने वाले हैं। सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार के मुताबिक, सनी कुमार राय एक शातिर अपराधी है और उस पर पहले भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। एएसपी प्रवेन्द्र भारती ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

No comments