मैंने कांड कर दिया है, अब मरने वाला हूं… दिल्ली में IRS की बेटी को मौत के घाट उतारने के बाद कातिल राहुल ने भाई को किया था ये आखिरी कॉल

नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली के हाई-प्रोफाइल इलाके कैलाश हिल्स में एक IRS अधिकारी की बेटी की हत्या के मामले में रोंगटे खड़े कर देने वाला खुलासा हुआ है। वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे आरोपी राहुल मीणा का एक सीसीटीवी फुटेज और उसके भाई के साथ हुई बातचीत सामने आई है। खून से सने हाथों के साथ भाग रहे राहुल ने अपने भाई को फोन कर जो शब्द कहे, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है।
CCTV में कैद हुआ भागता हुआ कातिल, फोन पर दी ‘कांड’ की सूचना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के बाद घर से भागते समय राहुल मीणा सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। फुटेज में वह घबराया हुआ और फोन पर बात करता दिख रहा है। जांच में पता चला है कि उसने अपने भाई को कॉल किया था और कांपती आवाज में कहा “मैंने दिल्ली में कांड कर दिया है, अब पुलिस मुझे पकड़ लेगी… मैं अब मरने वाला हूं।” उसके शब्दों में पुलिस का खौफ और अपने किए का अंजाम साफ झलक रहा था।
डबल क्राइम: दिल्ली में कत्ल से पहले अलवर में किया था बलात्कार
पुलिस की पड़ताल में यह भी सामने आया है कि राहुल मीणा महज कुछ घंटों के भीतर दो राज्यों की पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया था। दिल्ली की वारदात से पहले, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे वह राजस्थान के अलवर में अपने एक दोस्त के घर घुसा। वहां उसने दोस्त की पत्नी के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि कथित तौर पर उसका बलात्कार भी किया। पूछताछ में राहुल ने अलवर जाने की बात तो कबूल की है, लेकिन रेप के आरोपों से मुकरते हुए इसे केवल मोबाइल लेने का विवाद बताया है।
मॉर्निंग वॉक पर गए थे माता-पिता, और घर में बिछा दी लाश
वारदात की टाइमिंग बेहद चौंकाने वाली है। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे राहुल अलवर से 200 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली के कैलाश हिल्स पहुंचा। सुबह 6:39 बजे, जब IRS अधिकारी और उनकी पत्नी मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले, राहुल मौके का फायदा उठाकर अंदर घुस गया और उनकी मासूम बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद वह चुपचाप वहां से निकल भागा।
मोबाइल फोन गायब, पुलिस तलाश रही कत्ल का असली राज
इस मामले में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी और पीड़िता के गायब मोबाइल फोन हैं। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे की असली वजह और दोनों के बीच के संबंधों का राज उन्हीं फोन में छिपा है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस वारदात में राहुल के साथ कोई और भी शामिल था।
No comments