IT इंजीनियर फंदे पर लटका, पत्नी ने 17वीं मंजिल से लगाई छलांग, इलाके में मची सनसनी.

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक आईटी इंजीनियर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की और उसकी पत्नी ने उसी दिन 17वीं मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। घटना थानिसंद्रा के भारतीय सिटी स्थित निको होम्स अपार्टमेंट में हुई।
तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले के मूल निवासी 32 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर भानु चंद्र रेड्डी कुंटा अपने अपार्टमेंट के कमरे में फांसी पर लटके पाए गए। बार-बार दरवाजा खटखटाने के बाद उनकी पत्नी बीबी शाज़िया सिराज को शक हुआ और उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड व पड़ोसियों को सूचित किया। दरवाजा खोलने पर भानु चंद्र का शव कमरे में पाया गया।
पति का शव मिलने के कुछ ही समय बाद IBM में काम करने वाली शाजिया ने 17वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पुलिस ने परिवार के सदस्यों की शिकायतों के आधार पर दो मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दंपती के बीच पारिवारिक विवाद घटना की प्रमुख वजह माना जा रहा है। दोनों की शादी लगभग 9 साल पहले हुई थी और उससे पहले वे लिव-इन रिलेशनशिप में थे। पड़ोसियों और रिश्तेदारों के अनुसार, अक्सर उनके बीच विवाद होते रहते थे।
पुलिस अब रिश्तेदारों, करीबियों और पड़ोसियों से जानकारी जुटाकर पूरी सच्चाई पता लगाने में जुटी है। परिवार वाले अभी इस हादसे के सदमे में हैं और कुछ भी कहने की स्थिति में नहीं हैं।
No comments