Raebareli Encounter: रायबरेली में एनकाउंटर, पुलिस की घेराबंदी देख बदमाश अफजल ने तानी पिस्टल हुआ ढेर

Raebareli Crime News: रायबरेली जिले के नसीराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई फिल्मी स्टाइल मुठभेड़ से इलाका दहल उठा. चेकिंग के दौरान खुद को घिरता देख लुटेरों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मुख्य आरोपी अफजल के पैर में जा लगी जिससे वह वहीं ढेर हो गया. पुलिस ने घेराबंदी कर उसके दो अन्य साथियों, गुड्डू और मुकरीम को भी दबोच लिया है.
चेकिंग के दौरान मची खलबली
जानकारी के मुताबिक, नसीराबाद पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक अपाचे बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखे. पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने रफ्तार बढ़ा दी. पीछा करने पर बदमाशों ने खुद को फंसता देख पुलिस टीम पर जानलेवा हमला बोल दिया और गोलियां चलानी शुरू कर दीं.
पैर में लगी गोली, बिलबिला उठा बदमाश
पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की. इस मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अफजल के पैर में गोली लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा. पुलिस की मुस्तैदी देख उसके साथी गुड्डू और मुकरीम ने भागने की कोशिश की. लेकिन घेराबंदी कर उन्हें भी धर-दबोचा गया.
लूट का था काला इतिहास
पकड़े गए बदमाश शातिर लुटेरे बताए जा रहे हैं. बीते दिनों इलाके में हुई एक लूट की घटना में इनकी संलिप्तता थी, जिसमें इन्होंने एक महिला का मंगलसूत्र लूटा था. पुलिस इनकी तलाश में काफी समय से दबिश दे रही थी. अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है. मुठभेड़ में घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है.
No comments