Recent Posts

Breaking News

अभिषेक शर्मा को युवराज सिंह ने कहा ‘SIR’, कभी कही थी चप्पल मारने की बात, जानिए क्यों

मंगलवार को खेले गए मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 47 रनों से हराया। इस मैच में अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच (POTM) चुना गया, जिन्होंने 68 गेंदों में 135 रनों की शानदार पारी खेली।

अभिषेक शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 135 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसके बाद उनके गुरु और मेंटॉर युवराज सिंह ने उनकी जमकर तारीफ करते हुए उन्हें ‘Sir’ कहा। करीब 2 साल पहले युवराज सिंह ने मजाक में उन्हें चप्पल मारने की बात कही थी, जब 28 मार्च 2024 को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह 63 रन बनाकर हवाई शॉट मारने के चक्कर में आउट हो गए थे। अब उनके शतक के बाद युवराज ने उनकी इस पारी की सराहना की।

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले विकेट के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड के बीच 97 रनों की साझेदारी हुई, जिसमें हेड 37 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद ईशान किशन (25) और हेनरिक क्लासेन (37 नाबाद) ने अभिषेक का साथ दिया। अभिषेक ने 68 गेंदों में 135 रन बनाए, जिसमें 10 छक्के और 10 चौके शामिल रहे।

अभिषेक शर्मा के शतक पर युवराज सिंह ने पोस्ट करते हुए लिखा, “बल्ले को अपना काम करने दो! हर दिन के साथ आप और बेहतर होते जा रहे हो. सर अभिषेक शर्मा आपने बहुत अच्छा खेला. इसी प्रोसेस से आगे बढ़ते रहो.” युवराज सिंह को अभिषेक के खेल को निखारने का श्रेय दिया जाता है और अभिषेक उन्हें अपना गुरु मानते हैं। युवराज इससे पहले शुभमन गिल और गुरकीरत मान को भी ट्रेन कर चुके हैं।

अभिषेक शर्मा ने 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो उनका 9वां टी20 शतक है और इस फॉर्मेट में वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उनके साथ विराट कोहली भी 9 टी20 शतक के साथ शामिल हैं। SRH ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 242 रन बनाए, जबकि दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 195 रन ही बना सकी और हैदराबाद ने यह मुकाबला 47 रनों से जीत लिया। अभिषेक शर्मा को उनकी 135 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जो आईपीएल में उनकी दूसरी शतकीय पारी है। वह 2018 से आईपीएल खेल रहे हैं और पिछले साल उन्होंने अपना पहला आईपीएल शतक (141 रन) लगाया था।

No comments