Recent Posts

Breaking News

‘We All Love You’, डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को किया फोन कॉल, 40 मिनट तक बात की, बोले- मैं बस आपको ये बताना' चाहता हूं

  

India US Relations : भारत-अमेरिका संबंधों में एक महत्वपूर्ण और गर्मजोशी भरी बातचीत हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच करीब 40 मिनट तक फोन पर चर्चा हुई, जो दोनों नेताओं के बीच इस वर्ष की तीसरी बातचीत है। यह बातचीत खास तौर पर उस समय हुई है, जब ईरान के साथ तनाव के बीच मोर्चे पर संघर्ष और हॉर्मुज की नाकेबंदी जैसी घटनाएं चल रही हैं।

इस बातचीत के अंत में ट्रंप ने पीएम मोदी को एक बड़ा संदेश देते हुए कहा, “मैं बस आपको बताना चाहता हूं कि हम सभी आपसे प्यार करते हैं (We All Love You).” ट्रंप और मोदी के बीच यह बातचीत अमेरिका-ईरान के बीच सीजफायर के बाद पहली बार हुई है।

अमेरिकी दूत सर्जियो गोर ने बताया कि इस बातचीत में दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच हुई प्रगति का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ दिनों और हफ्तों में दोनों देशों के बीच कई बड़े समझौते हो सकते हैं, खासकर ऊर्जा क्षेत्र में।

बातचीत के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी को मध्य पूर्व की स्थिति पर जानकारी दी। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि उन्होंने अपने दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात की और दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में हुए अच्छे कामों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका अपने संबंधों को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

पीएम मोदी ने बताया कि बातचीत में पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुला और सुरक्षित रहना चाहिए, क्योंकि यह समुद्री रास्ता विश्व के लिए बहुत महत्वपूर्ण है, खासकर तेल की आपूर्ति के लिहाज से।

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री हाल ही में अमेरिका का तीन दिन का दौरा कर लौटे हैं। इसके अलावा, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अगले महीने भारत आने वाले हैं, जहां वे विदेश मंत्री एस जयशंकर और अन्य अधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

डोनाल्ड ट्रंप और मोदी इस साल अब तक तीन बार बात कर चुके हैं। पहली बार 2 फरवरी को दोनों नेताओं ने व्यापार समझौते में प्रगति पर चर्चा की थी, दूसरी बार 24 मार्च को मध्य पूर्व की स्थिति पर बात की थी।

इस दौरान ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत फिर से शुरू हो सकती है, जो अगले दो दिनों में हो सकती है। उन्होंने बताया कि यह बातचीत पाकिस्तान में हो सकती है।

No comments