हिमाचल में शहरी निकाय चुनाव में 15 से अधिक नामांकन रद्द, कई जगह प्रत्याशियों ने भरे थे दो-दो परचे

हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों में सोमवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई और छंटनी के दौरान 15 से अधिक नामांकन पत्र रद्द किए गए। प्रदेश के जिला मंडी नगर निगम में ही छह नामांकन रद्द हुए हैं।
मंडी में सुंदरनगर शहरी निकाय के बनायक वार्ड से दीपक सेनाए जोगेंद्रनगर के लक्ष्मी बाजार वार्ड से अजय, नेरचौक के ढांगू वार्ड से तेज सिंह, मनाली के स्कूल एरिया वार्ड से सुनीता शर्मा, निरमंड के विष्णू वार्ड से पुष्पा देवी, घुमारवीं के हारकुकार वार्ड से राकेश कुमार चोपड़ा, बिलासपुर के गुरुद्वारा वार्ड से नीतू मिश्रा और बिलासपुर मेन मार्केट वार्ड से कमलेंद्र कश्यप का नामांकन रद्द हुआ है।
इसी तरह मंडी नगर निगम के पड्डल वार्ड से कांग्रेस की नीलम शर्मा, नेला वार्ड से कांग्रेस की नर्मदा देवी, मंगवाईं वार्ड से कांग्रेस की रजनी चंद्रा, पैलेस कॉलोनी वार्ड से कांग्रेस की सुमन, भगवाहन वार्ड से निर्दलीय दिनेश कुमार और थनेहड़ा वार्ड से भाजपा की रजनी शर्मा का नामांकन रद्द किया गया है। इनमें कुछ दावेदार ऐसे भी थे, जिन्होंने दो-दो नामांकन पत्र भर रखे थे। ऐसे दावेदारों का एक नामांकन पत्र स्वीकार और दूसरा रद्द किया गया है। इस निगम चुनाव को साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माना जा रहा है।
छह मई को मिलेंगे चुनाव चिन्ह
नामांकन पत्रों की छंटनी के बाद यानी छह मई को नामांकन वापसी होगी। इच्छुक अभ्यर्थी दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। इसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आबंटित किए जाएंगे। इन सभी निकायों में 17 अप्रैल को सुबह सात बजे मतदान होगा। नगर पंचायत और नगर परिषद के परिणाम उसी दिन घोषित होंगे।
छह पदों के लिए एक नामांकन
राज्य के छह निकायों में छह पार्षद पदों के लिए एकल नामांकन प्राप्त हुए हैं। इनमें कुल्लू जिले की नगर पंचायत बंजार का वार्ड नंबर-6, मंडी की नगर पंचायत रिवालसर का वार्ड नंबर-1, नगर पंचायत करसोग का वार्ड नंबर-1, शिमला जिले की नेरवा नगर पंचायत का वार्ड नंबर-2 और नगर पंचायत चिडग़ांव का वार्ड नंबर-2 शामिल है। इन वार्डों में पार्षद पद के लिए एक-एक नामांकन आया है।
449 पदों पर 1426 दावेदार
51 निकायों में 449 पदों के लिए 1426 दावेदारों ने आवेदन कर रखा है। कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 269 दावेदारों ने नामांकन भरे हैं। सोमवार को इनकी छंटनी पूरी हो गई है।
3.60 लाख लोग डालेंगे वोट
इन चुनावों में 180963 पुरुष, 179882 महिला और 14 अन्य मतदाता मतदान करेंगे। कुल मिलाकर 360859 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 1808 ऐसे मतदाता हैं, जो पहली बार मतदान करेंगे।
No comments