महिला के वेश में चोरी करने वाले दो काबू, शिमला में बीसीएस स्थित बॉटल स्टोर से 35 हजार की चोरी का आरोप

शिमला पुलिस ने चोरी के एक मामले में प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह मामला थाना न्यू शिमला में अभियोग संख्या 21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) में दर्ज किया गया था। यह अभियोग शिकायतकर्ता दया राम, निवासी कंगनाधार, न्यू शिमला की शिकायत पर पंजीकृत हुआ था।
शिकायत के अनुसार गत आठ और नौ अप्रैल की मध्य रात्रि को अज्ञात व्यक्तियों ने बीसीएस स्थित दया राम बॉटल स्टोर का शटर तोडक़र करीब 35000 नकद चोरी कर लिया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, साक्ष्य संकलन, संदिग्धों की पहचान और लगातार छानबीन जैसी कई अहम कार्रवाइयां कीं।
इन प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें भीष्म सिंह (19 वर्ष) निवासी गांव जसुई, उप-तहसील रोहनाट, जिला सिरमौर शामिल है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है, जिसके खिलाफ विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी करते समय अपनी पहचान छिपाने के लिए महिलाओं का वेश धारण करते थे, ताकि किसी को संदेह न हो और वे आसानी से बच निकलें। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों की संलिप्तता थाना न्यू शिमला के एक अन्य मामले में भी पाई गई है। इस संबंध में भी नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
No comments