एक अफेयर, दो तलाक और दो लाशें: विक्रांत के गायब होते ही पुलिस के रडार पर आई थी राखी, 10 दिन में खूनी खेल का खौफनाक अंत

बागपत : उत्तर प्रदेश के बागपत और सहारनपुर जिलों को दहला देने वाले डबल मर्डर केस की परतें अब धीरे-धीरे खुलने लगी हैं। यह कहानी किसी फिल्मी थ्रिलर जैसी है, जिसमें इश्क, धोखा, पैसा और फिर मौत का तांडव शामिल है। प्रयागराज के रहने वाले डूडा (DUDA) सिटी मिशन मैनेजर विक्रांत और उनकी प्रेमिका राखी कश्यप की हत्या ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।
पार्टी के बीच चली गोली और फिर शुरू हुआ मौत का सफर
मामले की शुरुआत 15 अप्रैल से होती है। बागपत की अर्जुनपुरम कॉलोनी में रहने वाले विक्रांत ऑफिस के बाद घर लौटे और फिर रहस्यमयी तरीके से लापता हो गए। जांच में सामने आया कि विक्रांत के लापता होने से ठीक पहले राखी कश्यप के घर पर एक पार्टी हुई थी। इस पार्टी में विक्रांत और राखी के अलावा कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, इसी पार्टी के दौरान विक्रांत को गोली लगी। हैरानी की बात यह है कि राखी ने खुद कंट्रोल रूम को फोन कर सूचना दी थी कि उसके पति ने खुद को गोली मार ली है, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसने फोन बंद कर लिया और बाद में इसे ‘पारिवारिक विवाद’ बताकर टाल दिया।
पुलिस की एक चूक और चली गई राखी की जान!
जब 23 अप्रैल को विक्रांत की पत्नी प्राची ने गुमशुदगी दर्ज कराई, तब पुलिस ने कॉल डिटेल्स खंगाली। विक्रांत और राखी के बीच लंबी बातचीत के सबूत मिले। पुलिस ने राखी को कोतवाली बुलाकर पूछताछ भी की, लेकिन वह टूट नहीं पाई। पुलिस ने केवल उसकी लाइसेंसी पिस्टल जमा की और उसे छोड़ दिया। चर्चा है कि अगर उस वक्त पुलिस सख्ती से पूछताछ करती, तो शायद राखी की जान बच सकती थी। पूछताछ के अगले ही दिन राखी भी लापता हो गई और 27 अप्रैल को उसकी लाश सहारनपुर के रजबहे (नहर) में मिली।
चार लाख का रहस्य और राखी का विवादित अतीत
पुलिस जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। गायब होने से महज दो दिन पहले विक्रांत ने अपने बैंक खाते से 4 लाख रुपये निकाले थे। ये रुपये कहां गए और किसलिए निकाले गए, यह अभी भी एक राज बना हुआ है।
उधर, राखी कश्यप की पृष्ठभूमि भी काफी पेचीदा रही है। राखी के दो तलाक हो चुके थे और वह बागपत में खुद को डूडा का कर्मचारी बताकर रहती थी। उस पर कई मुकदमे दर्ज थे और हाल ही में कचहरी परिसर में उसका एक युवक से झगड़ा भी हुआ था।
भाजपा नेता और साथी पर हत्या का शक, पुलिस की दबिश जारी
राखी और विक्रांत की हत्या के तार अब राजनीतिक रसूख से जुड़ते दिख रहे हैं। सहारनपुर पुलिस ने इस मामले में भाजपा नेता सुधारस और उसके साथी कपिल को मुख्य संदिग्ध माना है। गुरुवार को पुलिस ने पुराने कस्बे में दबिश देकर कपिल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उन सभी लोगों से पूछताछ कर रही है, जिनसे हत्यारोपियों ने बुधवार को फोन पर बात की थी।
परिवार में मातम: नोएडा में तैनात हैं विक्रांत की पत्नी
विक्रांत की पत्नी प्राची नोएडा में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग में कार्यरत हैं। जिस दिन यह खौफनाक वारदात शुरू हुई, वह अपनी ड्यूटी पर नोएडा गई हुई थीं। विक्रांत की हत्या की खबर मिलते ही डूडा कार्यालय में उनके साथी कर्मियों की आंखें नम हो गईं। एक हंसता-खेलता परिवार इस ‘अवैध संबंधों’ की भेंट चढ़ गया।
No comments