Recent Posts

Breaking News

‘खेलते-खेलते मौत के टैंक में समा गईं दो मासूम…’,शिप्रापथ में निर्माणाधीन मकान के खुले टैंक में डूबने से 5 साल की राधिका और गोसिया की मौत.

 

जयपुर के शिप्रापथ इलाके में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जगन्नाथपुरी सेकेंड क्षेत्र में खेलते-खेलते दो मासूम बच्चियां पास ही निर्माणाधीन मकान में बने पानी के खुले टैंक में गिर गईं, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चियां शाम करीब सवा 7 बजे घर से खेलने के लिए निकली थीं। रोज की तरह वे आसपास ही खेल रही थीं, लेकिन जब काफी देर तक वापस नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान पास में बन रहे मकान के पानी के टैंक के पास उनकी चप्पलें मिलीं, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। जब परिजनों ने टैंक में झांककर देखा तो दोनों बच्चियां पानी में डूबी हुई मिलीं। तुरंत उन्हें बाहर निकालकर जयपुरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि टैंक करीब 8 फीट गहरा था, जिसमें लगभग 6 फीट तक पानी भरा हुआ था और वहां पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम भी नहीं थे। इसी वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ।

मृतक बच्चियों की पहचान बिहार निवासी राधिका (5) और उत्तर प्रदेश निवासी गोसिया (5) के रूप में हुई है। दोनों परिवार मजदूरी और छोटे काम करके जीवन यापन कर रहे थे और एक-दूसरे के पड़ोसी थे।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोगों ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं।

No comments