Recent Posts

Breaking News

6 साल से जमींदार के घर बंधक था युवक, 20 घंटे काम और सिर्फ 200 रुपये दिहाड़ी; निहंग सिखों ने पिस्टल छीनकर कराया आजाद

लुधियाना : पंजाब के लुधियाना से बंधुआ मजदूरी और खौफनाक प्रताड़ना का एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। यहां एक रसूखदार जमींदार ने कर्ज के बदले एक बेबस युवक को पिछले 6 साल से अपने घर में बंधक बना रखा था। युवक से रोजाना 18 से 20 घंटे तक गधों की तरह हाड़-तोड़ काम कराया जाता था और बदले में महज 200 रुपये की दिहाड़ी दी जाती थी। इस नरक से तंग आकर जब पीड़ित ने निहंग सिखों से गुहार लगाई, तो उन्होंने फिल्मी स्टाइल में दबिश देकर न सिर्फ युवक को आजाद कराया, बल्कि जमींदार की पिस्टल भी जब्त कर ली।

कर्ज की आड़ में बनाया बंधुआ मजदूर, बिखर गई जिंदगी
यह चौंकाने वाली वारदात लुधियाना के एक गांव की है। पीड़ित युवक ने पुलिस को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि कुछ साल पहले उसने अपना खुद का आशियाना (घर) बनाने के लिए स्थानीय जमींदार से कुछ पैसे कर्ज लिए थे। पीड़ित को अंदाजा भी नहीं था कि यह कर्ज उसके लिए काल बन जाएगा। पैसे देने के बाद जमींदार ने उसे अपने जाल में ऐसा फंसाया कि वह चाहकर भी बाहर नहीं निकल सका। पीड़ित का आरोप है कि जमींदार परिवार उससे सुबह तड़के से लेकर देर रात तक लगातार काम करवाता था।

‘पत्नी को तलाक दे दो, बच्चे हम पाल लेंगे’… जमींदार देता था क्रूर धमकी
पीड़ित युवक पिछले 6 साल से जमींदार के घर में घुट-घुटकर नरक जैसी जिंदगी जी रहा था। उसने रोते हुए बताया कि इस कैद की वजह से वह न तो कभी अपने परिवार के साथ कोई त्योहार मना पाया और न ही अपने बच्चों को देख पाता था। जब भी वह तंग आकर अपने घर जाने की जिद करता या रोता, तो जमींदार उसे मानसिक रूप से टॉर्चर करता था। जमींदार क्रूरता की हदें पार करते हुए कहता था, “अगर तुझे यहां से जाना है तो अपनी पत्नी को तलाक दे दे, तेरे बच्चों को हम खुद पाल लेंगे।”

निहंग सिखों ने मारी एंट्री, जमींदार के चंगुल से ऐसे छुड़ाया
जमींदार के जुल्मों से टूट चुके युवक ने किसी तरह छिपते-छिपाते निहंग सिखों की संस्था से संपर्क किया और अपनी जान बख्शने की भीख मांगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए निहंग कुलदीप सिंह और उनके साथी तुरंत एक्शन में आ गए। निहंग सिखों के जत्थे ने सीधे जमींदार के ठिकाने पर योजनाबद्ध तरीके से दबिश दी। अचानक हुए इस एक्शन से जमींदार घबरा गया। निहंगों ने सूझबूझ दिखाते हुए युवक को उसके चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया।

थाने पहुंची जमींदार की पिस्टल, पुलिस जांच में जुटी
दबिश के दौरान निहंग सिखों ने मौके से जमींदार की लोडेड पिस्टल को भी अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद वे सीधे थाने पहुंचे और युवक को पुलिस के सुपुर्द करते हुए जमींदार की पिस्टल भी पुलिस को सौंप दी। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। स्थानीय पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ बंधुआ मजदूरी और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

No comments