Recent Posts

Breaking News

यूपी में मौसम का यू-टर्न! लू के बाद अब बारिश की बारी… रेन अलर्ट जारी, 80 KM की रफ्तार से चलेंगी आंधियां, कई जिलों में गिरेंगे ओले

लखनऊ। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच राहत भरी खबर दी है। मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने गाजियाबाद, नोएडा, हापुड़ समेत कई जिलों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि बारिश के बाद तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी।

इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के इलाकों में तेज आंधी और बारिश हो सकती है।

कई जिलों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी

विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं में 28 और 29 मई के बीच ओलावृष्टि की संभावना जताई है।

दो दिन और सताएगी लू

हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम बदलेगा और राहत मिलेगी।

मंगलवार को गाजियाबाद का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं वातावरण में आर्द्रता 18 प्रतिशत रही और गर्म हवाएं करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं।

सड़क से लेकर बाजार तक गर्मी का असर

प्रदेशभर में चिलचिलाती धूप और लू का असर साफ दिखाई दे रहा है। लोग खुद को धूप से बचाने के लिए सिर और चेहरे को कपड़ों से ढककर निकल रहे हैं। कहीं लोग शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं तो कहीं बाजारों में सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

तेज गर्मी के बीच ट्रैफिक पुलिसकर्मी, निर्माण कार्यों में लगे मजदूर और अन्य मेहनतकश लोग लगातार कठिन परिस्थितियों में काम करने को मजबूर हैं।

हीट वेव से बचाव के लिए प्रशासन अलर्ट

हीट वेव को देखते हुए शासन ने सभी जिलों में विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारियों ने नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर दी है। जिला स्तर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी और तहसील स्तर पर एसडीएम को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासन ने अस्पतालों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था करने और मंदिरों, लोक भवनों तथा मॉल में कूलिंग सेंटर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा गोशालाओं में पशुओं को लू से बचाने के इंतजाम करने, सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव कराने और विद्यार्थियों को आउटडोर गतिविधियों से बचाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

No comments