कुछ ही घंटों में उजड़ गए दो हंसते-खेलते परिवार: मां ने तीन मासूम बेटियों को जहर देकर खुद दी जान, कुएं में डूबने से दो बच्चों की मौत; 6 लाशें उठने से दहला इलाका

शहडोल : मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से एक बेहद झकझोर देने वाली और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। जिले के अंतिम छोर पर स्थित पपौंध थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ ही घंटों के भीतर दो अलग-अलग दिल दहला देने वाले हादसों ने पूरे इलाके को मातम में डुबो दिया। पहली खौफनाक घटना में एक मां ने अपनी ही तीन मासूम बेटियों को कीटनाशक पिलाकर खुद भी मौत को गले लगा लिया। वहीं, दूसरी हृदय विदारक घटना में घर के बाहर खेलते-खेलते दो मासूम बच्चे कुएं में गिर गए, जिससे दोनों की तड़प-तड़प कर जान चली गई। एक ही दिन में चार मासूम बच्चों समेत कुल 6 मौतों से पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मची हुई है।
दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने पहले तीन बेटियों की ली जान, फिर खुद खाया जहर
पपौंध थाना क्षेत्र के हिरवार गांव में शनिवार की शाम एक ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गांव की रहने वाली अनिता सिंह 32 अपनी तीन नन्ही बेटियों रितिका सिंह 7, कृष्णकुमारी सिंह 4 और अर्पिता सिंह 2 के साथ घर पर अकेली थी। अनिता का पति पेशे से ड्राइवर है और वह काम के सिलसिले में दूसरे जिले में गया हुआ था। शनिवार शाम अनिता ने घर में रखी कृषि कार्य वाली घातक कीटनाशक दवा निकाली। उसने पहले अपनी तीनों लाडली बेटियों को जबरन वह जहर पिलाया और उसके बाद खुद भी उसे गटक गई।
दम तोड़ने से पहले मासूम ने खोला खौफनाक राज, अस्पताल पहुंचने से पहले बुझे 4 चिराग
जहर खाने के कुछ ही देर बाद चारों तड़पने लगीं। इसी बीच एक मासूम बच्ची किसी तरह हिम्मत जुटाकर रेंगते हुए घर के बाहर निकली और पड़ोसियों तक पहुंची। बच्ची ने रोते हुए ग्रामीणों को बताया कि,
मां ने मुझे और मेरी बहनों को कड़वी दवा पिलाई है और खुद भी खा ली है।”
बच्ची की बात सुनकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। लोग तुरंत घर की तरफ दौड़े और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों को अचेत हालत में तुरंत गाड़ी में लादा और अस्पताल की तरफ भागे, लेकिन तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मां और तीनों मासूम बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ चार अर्थियां उठने की खबर से पूरे गांव में चूल्हे नहीं जले हैं।
आत्मघाती कदम के पीछे का कारण अब भी रहस्य, जांच में जुटी पुलिस
हंसते-खेलते परिवार के इस तरह खत्म हो जाने के पीछे की असली वजह क्या है, यह अब भी एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। पपौंध थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के मायके पक्ष, पति और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में किसी घरेलू विवाद या मानसिक तनाव की बात स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के हर बारीक पहलू की गहराई से तफ्तीश कर रही है।
दूसरी त्रासदी: खेलते-खेलते कुएं में समा गए 4 साल के चाचा-भतीजे
अभी पुलिस और ग्रामीण हिरवार गांव के सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि इसी थाना क्षेत्र के बरा बघेलहा गांव से एक और दुखद और हैरान कर देने वाला हादसा सामने आ गया। पुलिस के अनुसार, गांव का रहने वाला 4 वर्षीय किशन कोल और उसका हमउम्र 4 वर्षीय भतीजा सत्यम कोल दोनों शनिवार को घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे घर के पास ही स्थित एक गहरे कुएं के मुहाने पर पहुंच गए। पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों मासूम अचानक सीधे गहरे कुएं में जा गिरे।
ग्रामीणों ने बाहर निकाला, लेकिन तब तक थम चुकी थीं सांसें
काफी देर तक जब दोनों बच्चों की आवाजें आनी बंद हो गईं, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। कुएं के पास पहुंचने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। शोर मचने पर भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कुएं में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पानी में डूबने के कारण दोनों मासूमों की सांसें हमेशा के लिए थम चुकी थीं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। इन दो अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की मौत के बाद हिरवार और बरा बघेलहा गांवों में सिर्फ रोने-बिलखने की आवाजें गूंज रही हैं।
No comments