समझौते के बाद चल रहा था तलाक का केस… पति ने बहाने से बुलाया, फिर पत्नी का गला रेत डाला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद और तलाक के केस के बीच एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की बीच सड़क पर चाकू से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
यह खौफनाक मामला बाजारखाला थाना क्षेत्र का है, जहां 26 वर्षीय चांदनी की उसके पति मोहम्मद शाहिद ने सरेराह हत्या कर दी।
7 साल पहले हुई थी शादी, 3 महीने से मायके में रह रही थी पत्नी
जानकारी के मुताबिक चांदनी की शादी करीब सात साल पहले मोहम्मद शाहिद से हुई थी। दोनों का एक चार साल का बेटा भी है। परिजनों के अनुसार शाहिद आए दिन पत्नी के साथ मारपीट करता था, जिससे परेशान होकर चांदनी पिछले तीन महीनों से ऐशबाग स्थित अपने मायके में रह रही थी।
मृतका की मां सबून ने बताया कि कुछ समय पहले शाहिद ने मोहल्ले में ही चांदनी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इसके बाद परिवार ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
हालांकि पुलिस ने मामले में समझौता करवा दिया था। बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर कोर्ट में तलाक का मुकदमा भी शुरू हो गया था।
रिश्तेदार को देखने जा रही थी चांदनी
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब 1:20 बजे चांदनी अपनी स्कूटी से अस्पताल में भर्ती एक रिश्तेदार को देखने जा रही थी। इसी दौरान शाहिद ने उसे फोन किया और बातचीत करने के बहाने मिलने के लिए बुलाया।
चांदनी को अंदाजा नहीं था कि उसका पति पहले से ही खौफनाक इरादे के साथ उसका इंतजार कर रहा है।
सुनसान गली में ले जाकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक शाहिद चांदनी को ऐशबाग आठ नंबर गेट के पास एक सुनसान गली में ले गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई।
इसी दौरान शाहिद ने अचानक धारदार चाकू निकाल लिया और चांदनी के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
चश्मदीदों के मुताबिक आरोपी इतना गुस्से में था कि चांदनी के जमीन पर गिरने के बाद भी वह लगातार हमला करता रहा। उसने तब तक वार किए, जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं।
सड़क पर दूर तक दिखे खून के निशान
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चांदनी का काफी खून बह चुका था। भागते समय आरोपी के पैर भी खून से सन गए थे और सड़क पर दूर तक उसके पैरों के खून के निशान दिखाई दे रहे थे।
आए दिन देता था धमकियां
परिजनों के अनुसार शाहिद सब्जी का ठेला लगाता था और पिछले काफी समय से फोन पर चांदनी को गालियां देने और धमकाने का सिलसिला जारी था।
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने पहले शिकायतों को गंभीरता से लिया होता तो शायद आज चांदनी जिंदा होती।
आरोपी की तलाश में दबिश
घटना की सूचना मिलते ही बाजारखाला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिसिया समझौतों पर उठे सवाल
इस वारदात के बाद घरेलू हिंसा के मामलों में थानों में होने वाले समझौतों को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार गंभीर मामलों को सिर्फ समझौते के जरिए निपटा दिया जाता है, जिसका खामियाजा महिलाओं को अपनी जान देकर चुकाना पड़ता है।
No comments