Recent Posts

Breaking News

मध्य प्रदेश की राजनीति में ‘राहुल गांधी गद्दार’, संजय राउत बोले- ‘राजीव गांधी के बेटे हैं, सोच समझकर बात…’

Madhya Pradesh : मध्य प्रदेश की राजनीति में राहुल गांधी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। राहुल गांधी के ‘गद्दार’ वाले बयान को लेकर देश की राजनीति में हड़कंप मचा हुआ है। कांग्रेस और राहुल गांधी लगातार बीजेपी पर हमला बोल रहे हैं, तो वहीं बीजेपी भी इसका जवाब दे रही है। इस बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने राहुल गांधी के पक्ष में बयान दिया है।

उन्होंने कहा कि बीजेपी हमेशा आक्रामक राजनीति करती है और ऐसे माहौल में नेताओं को अपनी प्रतिक्रिया देने के लिए मजबूर होना पड़ता है। राउत ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि वे कोई आम नेता नहीं हैं, बल्कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं और सोच-समझकर बोलते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी राजीव गांधी के पुत्र हैं, उनके राजनीतिक परिवार से आते हैं, इसलिए उनके बयान को गंभीरता से समझना चाहिए।

आज केवल राहुल गांधी ही नहीं, बल्कि कई बड़े नेता ऐसी भाषा का प्रयोग करने को मजबूर हो रहे हैं। बीजेपी और आरएसएस को यह सोचना चाहिए कि आखिर देश में ऐसा माहौल क्यों बन रहा है।”

संजय राउत ने पहलागाम आतंकी हमले को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों द्वारा मुख्य साजिशकर्ता बताई गई आतंकी लंगड़ा अब तक पाकिस्तान में बैठा है और यदि सरकार ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों को उनके घर में मारने का दावा किया था, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि देश यह चाहता है कि ऐसे आतंकियों को पकड़कर कड़ी सजा दी जाए।

देश की आर्थिक स्थिति पर भी राउत ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और आम जनता पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परेशान है। राउत ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री विदेश दौरे करते हैं और भाषण देते हैं, लेकिन आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है ताकि आम आदमी सुकून से जीवन जी सके।

संजय राउत के इस बयान से राजनीतिक माहौल में और गर्मी आई है। उनके शब्दों ने बीजेपी और कांग्रेस के बीच चल रही राजनीतिक लड़ाई को और तेज कर दिया है, वहीं विपक्षी नेताओं की आवाज़ भी बुलंद हुई है।

No comments