‘अगर रवैया सुधार लें तो बातचीत करें’, इस बार ईरान ने अमेरिका को भेजा नया शांति वार्ता प्रस्ताव, ट्रंप बोले- ‘मुझे मंजूर नहीं…’

Iran US Peace Meeting : पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान ने अमेरिका के साथ गतिरोध कम करने और होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री आवाजाही बहाल करने के लिए नया शांति प्रस्ताव भेजा, लेकिन डोनाल्ड ट्रंप ने इसे खारिज कर दिया। ट्रंप ने कहा कि तेहरान ऐसी मांग कर रहा है, जिस पर सहमति संभव नहीं है, हालांकि उन्होंने प्रस्ताव के विवरण सार्वजनिक नहीं किए।
करीब 40 दिनों तक चले संघर्ष के बाद अमेरिका और इजरायल ने भले ही ईरान की सैन्य क्षमताओं को कमजोर करने का दावा किया हो, लेकिन हालिया घटनाक्रम अलग तस्वीर पेश कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान ने हमलों में तबाह हुए अपने भूमिगत ठिकानों से हथियारों को निकालकर फिर से सक्रिय करना शुरू कर दिया है।
इसी बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि अब तक होर्मुज जलडमरूमध्य से 45 जहाजों को वापस लौटाया गया है। यह क्षेत्र वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है।
अमेरिका ने इजरायल को भेजे 6500 टन हथियार
अमेरिका ने अपने सहयोगी इजरायल को सैन्य समर्थन बढ़ाते हुए करीब 6500 टन हथियार और उपकरणों की नई खेप भेजी है। इसमें हवाई और जमीनी हमलों के लिए गोला-बारूद, सैन्य वाहन और अन्य उपकरण शामिल हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी के अंत से अब तक इजरायल को 1.15 लाख टन से अधिक सैन्य सामग्री भेजी जा चुकी है।
‘डार्क ईगल’ मिसाइल तैनाती पर विचार
अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ पहली बार हाइपरसोनिक मिसाइल सिस्टम डार्क ईगल की तैनाती पर भी विचार कर रही है। यह मिसाइल ध्वनि की गति से पांच गुना तेज उड़ान भर सकती है और करीब 2776 किलोमीटर तक मार करने में सक्षम है। इसे लॉकहीड मार्टिन ने विकसित किया है।
तनाव के बीच तेहरान में शुक्रवार को अचानक एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, संदिग्ध ड्रोन और छोटे विमानों की मौजूदगी के बाद करीब 20 मिनट तक एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय रहा। हालांकि, बाद में स्थिति सामान्य हो गई और किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि अगर अमेरिका “आक्रामक रवैया और उकसावे वाली कार्रवाइयां” बंद करे तो तेहरान बातचीत के लिए तैयार है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईरान अपनी सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है और किसी भी खतरे का जवाब देने में सक्षम है।
वहीं, ट्रंप ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे। उन्होंने ईरानी नेतृत्व को “विभाजित” बताते हुए कहा कि वे समझौता करना चाहते हैं, लेकिन स्पष्ट निर्णय नहीं ले पा रहे।
होर्मुज पर फोकस, तेल कीमतों में गिरावट
ईरान के प्रस्ताव की खबर के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 109 डॉलर प्रति बैरल तक आ गई। प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही बहाल करना बताया जा रहा है।
आगे क्या?
व्हाइट हाउस में ट्रंप और सैन्य अधिकारियों के बीच उच्चस्तरीय बैठक में ईरान पर संभावित नए हमलों की रणनीति पर भी चर्चा हुई। रिपोर्ट्स के अनुसार, छोटे लेकिन प्रभावी हमले के विकल्पों पर विचार किया जा रहा है ताकि तेहरान को समझौते के लिए दबाव में लाया जा सके।
हालांकि, ट्रंप प्रशासन ने फिलहाल कांग्रेस में युद्ध जारी रखने का प्रस्ताव टाल दिया है। इसके बावजूद संकेत साफ हैं कि यदि हालात बिगड़ते हैं, तो सैन्य कार्रवाई दोबारा शुरू हो सकती है।
No comments