Recent Posts

Breaking News

सीबीआई की जांच तेज, पूर्व जज गिरिबाला सिंह से तीखे सवाल- ‘बहू को फंदे पर देखकर भी पुलिस को पहले फोन क्यों नहीं किया?’

भोपाल : भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने तेज कर दी है। जांच के दौरान सीबीआई ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश और भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह से लंबी पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने गिरिबाला सिंह से सवाल किया कि वर्षों तक न्यायिक सेवा में रहने और ऐसे मामलों की सुनवाई करने के बावजूद उन्होंने बहू ट्विशा शर्मा को फंदे पर लटका देखने के बाद सबसे पहले पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी। एजेंसी ने यह भी पूछा कि जब पहली नजर में ट्विशा की सांसें नहीं चल रही थीं, तब अस्पताल ले जाने, पुलिस को जानकारी देने और मायके पक्ष को सूचित करने में देरी क्यों हुई।

सीबीआई ने कॉल डिटेल्स का हवाला देते हुए यह भी पूछा कि पुलिस और मायके वालों को सूचना देने से पहले किन-किन लोगों से बातचीत की गई और क्या ऐसी कोई बात थी जिसे छिपाने की कोशिश की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस सवाल पर गिरिबाला सिंह काफी असहज नजर आईं और करीब आधे घंटे तक पूछताछ इसी मुद्दे के इर्द-गिर्द केंद्रित रही। हालांकि उन्होंने अलग-अलग तरीके से जवाब देने की कोशिश की, लेकिन जांच एजेंसी उनके जवाबों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हुई।

पूछताछ के दौरान सीबीआई ने त्विषा शर्मा और उनके पति समर्थ सिंह के वैवाहिक संबंधों, पारिवारिक माहौल, शादी की परिस्थितियों, दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप, पैसों के लेनदेन, दहेज मांगने के आरोप और कथित प्रताड़ना को लेकर भी कई सवाल किए।

इधर, सीबीआई ने मामले में आगे की कार्रवाई तेज करते हुए भोपाल पुलिस से केस डायरी अपने कब्जे में ले ली है। सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच में केस डायरी में कुछ कमियां सामने आई थीं, जिस पर सीबीआई अधिकारियों ने नाराजगी भी जताई थी। बाद में पुलिस अधिकारियों और एसआईटी ने दस्तावेजों को अपडेट कर मंगलवार रात पूरी केस डायरी सीबीआई को सौंप दी।

अब सीबीआई बुधवार को भोपाल कोर्ट में आवेदन देकर समर्थ सिंह को रिमांड पर लेने की मांग कर सकती है। यदि अदालत से अनुमति मिलती है तो एजेंसी उसी दिन से समर्थ सिंह से पूछताछ शुरू करेगी। फिलहाल समर्थ भोपाल पुलिस की रिमांड पर है और एसआईटी उससे पूछताछ कर रही है।

वहीं, सीबीआई अब गिरिबाला सिंह को मिली अग्रिम जमानत को चुनौती देने की तैयारी में भी है। एजेंसी बुधवार को जबलपुर हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत निरस्त करने के लिए याचिका दायर कर सकती है। अब जबकि मामला सीबीआई के हाथ में है, जांच एजेंसी हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है।

No comments