Recent Posts

Breaking News

‘मैंने मौलाना के लिए कमरा बनवाया..’, गाजियाबाद मेयर का वीडियो वायरल, फोन पर बोलीं- मस्जिद और वजूखाना…

गाजियाबाद। सुनीता दयाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक मौलाना से फोन पर बातचीत करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में मेयर यह कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि उन्होंने मस्जिद के लिए कई विकास कार्य कराए हैं, जिनमें वजूखाना, शौचालय और मौलाना के आराम के लिए कमरा बनवाना शामिल है।

यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में हरनंदी नदी में मांस फेंकने के आरोप में दो बच्चों समेत तीन लोगों को पकड़वाने को लेकर मेयर चर्चा में थीं। अब वायरल वीडियो ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।

वीडियो में मेयर स्पीकर ऑन कर मौलाना से बात करते हुए कहती हैं, “क्या हाल है मौलाना जी… एक बात बताओ। मैंने मस्जिद के लिए कह दिया था कि उससे हाथ नहीं लगाऊंगी। तुम्हारी मस्जिद सुरक्षित है। मैंने कुरान को सुरक्षित रखने के लिए कमरा बनवाया। तुम्हारा वजूखाना बनवाया, शौचालय बनवाया और मौलाना के आराम करने के लिए कमरा भी बनवाया।”

मेयर आगे कहती हैं कि उन्होंने इलाके को बेहतर बनाने के लिए वहां मार्केट और बैठने की व्यवस्था भी कराई। उन्होंने कहा, “मैं चाहती तो दोगुनी दुकानें बनवा सकती थी, लेकिन मैंने बुजुर्गों और बच्चों के बैठने के लिए सुंदर चौकियां बनवाईं ताकि लोग वहां बैठ सकें। वहां तो आप लोग ही रहेंगे, मैं या कोई दूसरा हिंदू वहां नहीं जाएगा। मैंने एक सड़ी हुई जगह को सुंदर बनाया।”

वीडियो में मेयर यह भी स्पष्ट करती दिखाई दे रही हैं कि विकास कार्यों में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि भट्टा क्षेत्र में लगभग 100 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है और वहां सभी काम समान रूप से कराए गए हैं।

हालांकि बातचीत के दौरान मेयर ने कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख भी दिखाया। उन्होंने कहा, “अगर कोई नदी में मीट फेंकेगा तो क्या मैं उसे छोड़ दूंगी? गलत बात मैं कैसे बर्दाश्त कर सकती हूं?”

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे मेयर की विकास कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक बयानबाजी से जोड़कर देख रहे हैं।

फिलहाल इस वीडियो को लेकर मेयर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़े : ‘मौत से अच्छा.. तलाक हो जाए’, ट्विशा शर्मा केस में सुप्रीम कोर्ट ने मीडिया को लगाई फटकार, कहा- टीवी डिबेट से जांच प्रभावित हुई

No comments