Recent Posts

Breaking News

सिर्फ वीडियो कॉल से मना करने पर बाउंसर जीजा ने दो सालियों को गोलियों से भूना, मां के सामने तड़पकर तोड़ा दम.

 

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का मोवा इलाका मंगलवार की रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। एक सिरफिरे जीजा ने मामूली विवाद के बाद अपनी दो सालियों की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी पेशे से बाउंसर है और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन इस घटना ने पूरे शहर को सन्न कर दिया है।

‘अभी मोबाइल बंद है…’ और बरसने लगीं गोलियां

घटना सुंदरीपारा इलाके की है। आरोपी जितेंद्र वर्मा रात करीब 10:30 बजे अपनी ससुराल पहुंचा। वह अपनी पत्नी खिलेश्वरी और डेढ़ साल की बच्ची से मिलने की जिद करने लगा। जब बड़ी साली गीतांजली उर्फ जया ने उससे कहा कि “खिलेश्वरी का मोबाइल बंद है, वीडियो कॉल नहीं हो पाएगा, तुम सुबह आना”, तो जितेंद्र आगबबूला हो गया। चश्मदीद मां सावित्री वर्मा के मुताबिक, जितेंद्र ने जेब से गोलियां निकालकर जमीन पर बिखेर दीं और चिल्लाते हुए कहा- “आज सबको खत्म कर दूंगा।”

मां चीखती रही, एक के बाद एक दोनों बेटियों को मारी गोली

सावित्री वर्मा ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि जितेंद्र ने पहले गीतांजली के सिर और पेट में दो गोलियां मारीं। गीतांजली वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ी। शोर सुनकर जब छोटी बेटी दुर्गेश्वरी छत से नीचे भागी, तो वह जैसे ही दरवाजे पर पहुंची, जितेंद्र ने उस पर भी निशाना साध दिया। दुर्गेश्वरी के सिर में गोली लगते ही वह दरवाजे पर ही ढेर हो गई। मां पागलों की तरह पड़ोसियों को मदद के लिए पुकारती रही, लेकिन जब तक लोग जुटते, आरोपी फरार हो चुका था।

बाउंसर जीजा: हत्या के इरादे से दो मैग्जीन लेकर आया था

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जितेंद्र वर्मा काफी समय से अपनी पत्नी खिलेश्वरी को प्रताड़ित कर रहा था। खिलेश्वरी डर के मारे अपनी बहन के घर छिपी हुई थी। जितेंद्र पूरी तैयारी के साथ आया था; उसके पास लाइसेंसी पिस्टल और दो भरी हुई मैग्जीन थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एक्सरे में पता चला है कि उसने बेहद करीब से वाइटल ऑर्गन्स (सिर और पेट) पर वार किया ताकि बचने की कोई गुंजाइश न रहे।

गिरफ्तारी के बाद भी चेहरे पर पछतावा नहीं

डीसीपी नॉर्थ मयंक गुर्जर ने बताया कि आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन एक सतर्क सिपाही ने सूझबूझ दिखाते हुए उसे दबोच लिया। हैरान करने वाली बात यह है कि एक मां के सामने उसकी दो बेटियों को मौत के घाट उतारने वाले जितेंद्र के चेहरे पर गिरफ्तारी के बाद भी कोई शिकन या पछतावा नजर नहीं आया। पत्नी खिलेश्वरी ने बताया कि वह पहले भी दो बार उस पर बंदूक तान चुका था।

रायपुर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं। मृतकाओं के शवों का पोस्टमार्टम अंबेडकर अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम द्वारा किया गया। आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश करने की तैयारी है।

No comments