Recent Posts

Breaking News

फिल्मी स्टाइल में लूटी कैश वैन, मसूरी में खाली मिली गाड़ी; करोड़ों की लूट की आशंका.

 

गाजियाबाद : कमिश्नरेट गाजियाबाद के अंतर्गत थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में आज दोपहर करीब 1 बजे एक वित्तीय संस्था ‘एवन इंडिया’ की कैश वैन को बदमाशों ने निशाना बना लिया। संस्था के कर्मचारी एटीएम में कैश डालने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोग मौके पर आए और ड्राइवर को अकेला पाकर हथियार के बल पर कैश वैन छीनकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जिलेभर में नाकाबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को सफलता तब मिली, जब लूटी गई कैश वैन मसूरी थाना क्षेत्र से बरामद कर ली गई। हालांकि, वैन में रखा कैश संदिग्ध बदमाश अपने साथ लेकर फरार हो गए।

फिलहाल, कैश की सटीक मात्रा का आकलन किया जा रहा है। संबंधित वित्तीय संस्था से रिकॉर्ड मंगवाए जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितना कैश एटीएम में जमा किया जा चुका था और कितना नकद बैग में शेष था।

घटना के खुलासे के लिए 8 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संस्था के कर्मचारियों और ड्राइवर से भी गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments