Recent Posts

Breaking News

साहब! ‘या तो सीवर साफ करो, या मेरी जान लो’ ,कानपुर में सिस्टम से हारी महिला ने छत पर चढ़कर मचाया हड़कंप.

 

Kanpur sewer problem: कानपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नगर निगम और जलकल विभाग की कथित लापरवाही से परेशान एक महिला ने आत्महत्या की धमकी देकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

विराटनगर निवासी प्रतिभा पांडेय पिछले करीब 8 महीनों से सीवर जाम की गंभीर समस्या से परेशान हैं। उनका आरोप है कि मोहल्ले के लगभग 50 घरों में सितंबर से लगातार सीवर ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे गंदा और बदबूदार पानी गलियों और घरों तक पहुंच रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

प्रतिभा पांडेय का कहना है कि उन्होंने कई बार नगर निगम और जलकल विभाग के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। उन्होंने जूनियर इंजीनियर पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई।

इसी से नाराज होकर शुक्रवार को वह अपने घर की दूसरी मंजिल की छत पर चढ़ गईं और आत्महत्या की धमकी देने लगीं। यह देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। उनके परिवार ने काफी देर तक उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह मौके पर अधिकारियों को बुलाने और तुरंत काम शुरू कराने की मांग पर अड़ी रहीं।

सूचना पर चकेरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर की बातचीत के बाद महिला को आश्वासन दिया गया कि समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा। इसके बाद वह छत से नीचे उतरीं।

बाद में जलकल विभाग ने भी कार्रवाई का भरोसा देते हुए कहा कि शनिवार से सीवर लाइन की सफाई का काम शुरू किया जाएगा। हालांकि प्रतिभा पांडेय ने साफ चेतावनी दी है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगी।

No comments