Recent Posts

Breaking News

बेबसी की इंतहा! इकलौते बेटे की मौत के बाद शव लाने को मोहताज दिव्यांग पिता, सरकार से कहा – ‘हमारी मदद करो.

 

Haryana youth accidental death:  कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के शाहाबाद के नगला गांव से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां रोजगार की तलाश में अर्मेनिया गए 35 वर्षीय प्रवीन कुमार की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

जानकारी के अनुसार, प्रवीन अर्मेनिया में किराए के कमरे में रहकर काम कर रहा था। हादसे के समय वह कमरे में खाना बना रहा था, तभी अचानक गैस पाइप में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भयानक था कि पूरा कमरा आग की चपेट में आ गया और प्रवीन गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार का कहना है कि प्रवीन अगस्त 2024 में बेहतर भविष्य और आर्थिक स्थिति सुधारने की उम्मीद लेकर विदेश गया था। उसके पिता वेद प्रकाश दिव्यांग हैं और वही घर के इकलौते सहारे थे। परिवार ने कर्ज लेकर उसे विदेश भेजा था, लेकिन उम्मीदें अधूरी रह गईं।

अब सबसे बड़ी मुश्किल यह है कि शव को भारत लाने के लिए 6 से 7 लाख रुपये का खर्च बताया जा रहा है, जो परिवार के लिए असंभव है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार ने सरकार और प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है कि उनके बेटे का पार्थिव शरीर सरकारी सहायता से भारत लाया जाए।

गांव में शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। परिवार की हालत ऐसी है कि एक तरफ बेटे को खोने का गम है और दूसरी तरफ शव को घर लाने की चिंता।

No comments